मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम जनता को आपदाओं से निपटने और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को नियमित रूप से आपदा से बचाव और सुरक्षा संबंधी जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इससे आम नागरिकों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में आगे आकर मदद करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद संवेदनशील हैं। प्रदेश को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और जनजागरूकता को मजबूत करना जरूरी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2023 में हुए सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में तकनीकी चुनौतियों के बावजूद सभी एजेंसियों ने लगातार प्रयास किए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। वहीं, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी व्यवस्था के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




Leave a comment