Home उत्तराखंड न्यूज़ घरों में आग लगने की घटना भी अब आपदा की श्रेणी में, पीड़ितों को SDRF से मिलेगी राहत: सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं
उत्तराखंड न्यूज़

घरों में आग लगने की घटना भी अब आपदा की श्रेणी में, पीड़ितों को SDRF से मिलेगी राहत: सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर देहरादून सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चार अहम घोषणाएं कीं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम जनता को आपदाओं से निपटने और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को नियमित रूप से आपदा से बचाव और सुरक्षा संबंधी जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इससे आम नागरिकों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में आगे आकर मदद करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद संवेदनशील हैं। प्रदेश को भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और जनजागरूकता को मजबूत करना जरूरी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2023 में हुए सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में तकनीकी चुनौतियों के बावजूद सभी एजेंसियों ने लगातार प्रयास किए।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। वहीं, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी व्यवस्था के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीता अल्टीमेट उत्तराखंड MTB चैलेंज, 658 किमी की रेस में 66 साइकिलिस्टों ने दिखाया दम

उत्तराखंड की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी...

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त...

उत्तराखंड की पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में आएगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त

उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था...