Home उत्तराखंड न्यूज़ लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीता अल्टीमेट उत्तराखंड MTB चैलेंज, 658 किमी की रेस में 66 साइकिलिस्टों ने दिखाया दम
उत्तराखंड न्यूज़

लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीता अल्टीमेट उत्तराखंड MTB चैलेंज, 658 किमी की रेस में 66 साइकिलिस्टों ने दिखाया दम

उत्तराखंड की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 का गुरुवार को मसूरी में भव्य समापन हुआ। छह चरणों में 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय करने वाली इस प्रतियोगिता में लद्दाख के 19 वर्षीय साइकिलिस्ट त्सेवांग नोरबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड के कुल समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के शिवेन दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे।

 

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) के तकनीकी सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया। 20 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रेस का उद्घाटन किया, जबकि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ भारतीय थल सेना, वायुसेना और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का मार्ग कुमाऊं और गढ़वाल के 10 जनपदों से होकर गुजरा। साइकिलिस्टों ने मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक का सफर तय किया। इस दौरान पहाड़ी रास्तों की कठिन चढ़ाइयों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

त्सेवांग नोरबू ने शुरुआती दोनों चरण जीतकर बढ़त बना ली थी और अंत तक अपनी स्थिति मजबूत रखी। तीसरे चरण में शिवेन ने बेहद मामूली अंतर से उन्हें पीछे छोड़ा। वहीं खुशीमन घरती ने प्रतियोगिता के अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का रहा।

मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।

सचिव पर्यटन एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि प्रतियोगिता ने कुमाऊं से गढ़वाल तक उत्तराखंड की एकता का संदेश दिया है। ऐसे आयोजन कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के साथ होमस्टे और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे।

पर्यटन विभाग के अनुसार आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा माणा पास से 100 मील हिमालयन एंड्योरेंस रन सहित कई साहसिक आयोजन प्रस्तावित हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त...

उत्तराखंड की पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में आएगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त

उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था...