सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, एएलडीआई अध्यक्ष डॉ. बीपी सिंह और विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. एससी त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद सम्मेलन की स्मारिका और शोध पत्रों के संकलन का विमोचन किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. यशपाल सिंह मलिक ने कहा कि एआई कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखती है। कृषि क्षेत्र में दशकों से एकत्रित शोध और आंकड़ों का विश्लेषण एआई के माध्यम से कम समय में किया जा सकता है। इससे नई तकनीकों और नीतियों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय अब केवल पुस्तकों के संग्रह तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीकों से पुस्तकालयों को जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में देश की अग्रणी संस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों के लिए सात दिवसीय एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 95 प्रतिशत शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। अब उन्नत प्रशिक्षण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
सम्मेलन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विकसित एआई आधारित मोबाइल एप्लीकेशन ‘लाइव-हाई’ (Livestock Heat Intelligence) का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षकों डॉ. अमन कम्बोज और डॉ. रूओकुओबेनुओ हुओझा के मार्गदर्शन में यह एप तैयार किया है। यह एप तापमान एवं आर्द्रता सूचकांक तथा पशुओं के शारीरिक मापदंडों के आधार पर उनमें गर्मी और ठंड से होने वाले तनाव की पहचान करने में मदद करेगा। इससे पशुपालकों और पशु चिकित्सकों को समय रहते पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी और जरूरी उपाय करने में सहायता मिलेगी। इसके लिए कॉपीराइट आवेदन भी किया गया है।
विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. एससी त्रिपाठी ने बताया कि पुस्तकालय में लगभग 4.30 लाख पुस्तकें, पत्रिकाएं एवं ई-संसाधन तथा 25,700 से अधिक शोध प्रबंध और शोध पत्र उपलब्ध हैं। आयोजन सचिव डॉ. केपी सक्सेना के अनुसार सम्मेलन के लिए 85 सारांश प्राप्त हुए, जिनमें से 59 पूर्ण शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं। दो दिवसीय आयोजन में करीब 20 विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। तकनीकी सत्रों, कार्यशालाओं और परिचर्चाओं के माध्यम से कृषि पुस्तकालयों में एआई के प्रभावी उपयोग पर मंथन होगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।




Leave a comment