Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तरकाशी पवाणी अग्निकांड: पीड़ित परिवारों के लिए सीएम धामी का बड़ा ऐलान, हर परिवार को मिलेंगे पांच-पांच लाख रुपये
उत्तरकाशी

पवाणी अग्निकांड: पीड़ित परिवारों के लिए सीएम धामी का बड़ा ऐलान, हर परिवार को मिलेंगे पांच-पांच लाख रुपये

मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को प्रभावित परिवारों का हाल जानने गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख-दर्द सुना और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को घर बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही आश्वासन दिया कि जब तक प्रभावित परिवारों के नए मकान तैयार नहीं हो जाते, तब तक उनके किराये की व्यवस्था भी सरकार करेगी।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। गांव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूल की व्यवस्था करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द बर्फबारी शुरू होने की संभावना है, इसलिए उससे पहले प्रभावित परिवारों के रहने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को प्रभावित ग्रामीणों के लिए राशन की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

गांव में पहुंचे मुख्यमंत्री के सामने ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कई मांगें उठाईं। प्रभावितों ने पेयजल के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था करने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए हेलीपैड बनाने और क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए टावर स्थापित करने की मांग की। ग्रामीणों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल के माध्यम से भी अपनी विभिन्न समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाईं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि गांव को दोबारा आबाद करने और जनजीवन सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

गौरतलब है कि पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में 43 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग में करीब 33 आवासीय मकान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों के घरों के साथ उनकी जीवनभर की जमा पूंजी, घरेलू सामान, पशुधन और सर्दियों के लिए जमा किया गया छह महीने का राशन भी नष्ट हो गया। इसके अलावा कई परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।

इससे पहले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। दस्तावेज जलने से पैदा हुई परेशानी को देखते हुए प्रशासन एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाएगा। इसमें ग्रामीणों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी अभिलेख दोबारा बनवाने में मदद की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गांव में मूलभूत सुविधाएं बहाल करने के निर्देश भी दिए हैं। विद्युत विभाग ने प्रमुख रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने और पशुपालन विभाग को प्रभावित परिवारों के पशुधन का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन की ओर से गांव में सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधाएं दे रही हैं। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। रेडक्रॉस के माध्यम से भी राहत कार्यों में सहयोग लिया जा रहा है।

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत और उचित मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी गई है। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि बर्फबारी से पहले सभी प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा के लिए रवाना

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन...

केदारताल हादसा: रेस्क्यू अभियान में मिले दो और शव, अब तक चार ट्रेकरों की मौत की पुष्टि, चार की तलाश जारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन हादसे में...

केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू टीम को मिले दो पर्वतारोहियों के शव, छह अब भी लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन के बाद...