Home स्पेशल उत्तराखंड के दो लाख किसानों को मिलेगा 600 करोड़ रुपये का सहकारी ऋण, एक दिसंबर से प्रदेशभर में लगेंगे मेले
स्पेशल

उत्तराखंड के दो लाख किसानों को मिलेगा 600 करोड़ रुपये का सहकारी ऋण, एक दिसंबर से प्रदेशभर में लगेंगे मेले

उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश में इस वर्ष दो लाख किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जाएगा। इसके लिए एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वृहद स्तर पर सहकारिता ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से किसानों को सरल प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नाबार्ड मुख्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ऋण मेलों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। सरकार का प्रयास है कि किसानों को ऋण प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

बैठक के दौरान भारत सरकार की वित्तपोषित योजनाओं, ब्याजमुक्त ऋण वितरण और सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिला सहकारी बैंकों में बढ़ते गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) पर मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को करीब 400 करोड़ रुपये की ऋण वसूली का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए ऋण वितरण के साथ-साथ समय पर वसूली भी जरूरी है।

सात दिसंबर को होगी दोबारा समीक्षा

मंत्री ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधकों को प्रत्येक एमपैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों) के स्तर पर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को सात दिसंबर तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसी दिन विभागीय कार्यों और निर्देशों के क्रियान्वयन की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

ऋण वितरण में चमोली सबसे आगे

जिलावार ऋण वितरण की समीक्षा में चमोली ने 63 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया है। ऊधमसिंह नगर 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा 50 प्रतिशत और हरिद्वार 49 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहे। वहीं मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ ने 72 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।

बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर और किसान समृद्धि केंद्रों की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। सरकार का लक्ष्य सहकारी समितियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाना और किसानों को वित्तीय सुविधाओं से जोड़ना है। दिसंबर से शुरू होने वाले ऋण मेलों के जरिए किसानों तक संस्थागत ऋण की पहुंच बढ़ाने तथा सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड के विकास के लिए कनेक्टिविटी से लेकर स्वास्थ्य तक कई प्रस्ताव रखे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से...

रैबार-8 के मंच से विकसित उत्तराखंड @2047 का विजन, पलायन से लेकर स्वरोजगार और लोकसंस्कृति पर हुआ मंथन

उत्तराखंड की विकास यात्रा, भविष्य की संभावनाओं, पलायन, स्वरोजगार, सैन्य परंपरा और...

रैबार-8 के मंच से विकसित उत्तराखंड 2047 का विजन, पलायन से लेकर स्वरोजगार और लोकसंस्कृति पर हुआ मंथन

उत्तराखंड की विकास यात्रा, भविष्य की संभावनाओं, पलायन, स्वरोजगार, सैन्य परंपरा और...

हिल-मेल के ‘रैबार-8’ में जुटे उत्तराखंड के दिग्गज, मुख्यमंत्री धामी समेत कई नेताओं ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, विकास और संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान...