यह शोध साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया के विरुद्ध नवीन टीका विकसित करने से संबंधित है। इसकी खासियत कैल्शियम फॉस्फेट नैनोपार्टिकल्स पर आधारित तकनीक है, जिसके माध्यम से सबयूनिट नैनोवैक्सीन तैयार की गई है। इस तकनीक पर आधारित आविष्कार को पेटेंट मिलने से विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
डॉ. यशपाल सिंह डसीला ने यह महत्वपूर्ण शोध अपनी पीएचडी की पढ़ाई के दौरान पूरा किया था। इस शोध कार्य में उन्हें विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रोफेसर ममतेश कुमार सक्सेना का मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण प्राप्त हुआ। प्रोफेसर सक्सेना के निर्देशन में किए गए इस अनुसंधान ने अब पेटेंट के रूप में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
इस शोध को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें डॉ. अंजनी सक्सेना, डॉ. जीके सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. मीना मृगेश, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. मंजुल कंडपाल, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. एके उपाध्याय और डॉ. अमित कुमार सहित पूरी शोध टीम का योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयास, वैज्ञानिक सोच और निरंतर परिश्रम से यह शोध पेटेंट तक पहुंच सका।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी. कुमार और निदेशक शोध डॉ. एसके वर्मा ने डॉ. यशपाल सिंह डसीला, प्रोफेसर एमके सक्सेना तथा पूरी शोध टीम को बधाई दी। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे शोध, नवाचार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय है। साथ ही इससे विश्वविद्यालय के युवा शोधकर्ताओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. यशपाल सिंह डसीला वर्ष 2020 से 2023 तक पंतनगर विश्वविद्यालय में युवा वैज्ञानिक एवं प्रधान अन्वेषक के रूप में कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) से वित्तपोषित परियोजना पर काम किया था। प्रोफेसर एमके सक्सेना के मार्गदर्शन में संचालित इस परियोजना के तहत उन्होंने कुक्कुट साल्मोनेलोसिस रोग से बचाव के लिए ओरल वैक्सीन विकसित करने पर भी शोध किया। इस वैक्सीन से संबंधित पेटेंट आवेदन भी दाखिल किया जा चुका है और फिलहाल विचाराधीन है।
पंतनगर विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि संस्थान के वैज्ञानिक देश में कृषि, पशु चिकित्सा और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।




Leave a comment