Home उत्तराखंड न्यूज़ 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता
उत्तराखंड न्यूज़

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 महिलाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में आने के लिए मेहनत कर रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही सभी अधिकारियों पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी आ गई है। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्य सीधे तौर पर आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़े होते हैं। ऐसे में नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को समझना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों तथा प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र राहत मिल सके।

उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियम और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने को कहा। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से पद की गरिमा बनाए रखने और ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का माध्यम है और अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

उत्तराखंड की पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में आएगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त

उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था...