Home पर्यटन ऋषिकेश में 250 करोड़ से बनेगा आधुनिक आईएसबीटी, चारधाम यात्रियों को मिलेंगी एक ही जगह कई सुविधाएं
पर्यटन

ऋषिकेश में 250 करोड़ से बनेगा आधुनिक आईएसबीटी, चारधाम यात्रियों को मिलेंगी एक ही जगह कई सुविधाएं

तीर्थनगरी ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और चारधाम यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ी योजना तैयार की जा रही है। शहर के बाईपास मार्ग पर करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और केंद्रीकृत चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के तहत यात्रियों को बस, टैक्सी, पार्किंग, पंजीकरण और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है।

 

उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) ने खंडगांव के पास इस परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया है। 19 नवंबर को बोर्ड के अधिकारियों ने विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की थी। प्रस्तावित आईएसबीटी योगनगरी रेलवे स्टेशन के नजदीक बनाया जाना है। इससे रेल और सड़क परिवहन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। ट्रेन से ऋषिकेश पहुंचने वाले यात्रियों को सीधे बस और टैक्सी सेवाएं मिल सकेंगी।

नए बस टर्मिनल में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के साथ निजी बसों के संचालन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके अलावा टैक्सी स्टैंड, प्रतीक्षालय, खुदरा दुकानें, कार्यालय और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में 176 बसों के लिए पार्किंग, 134 कारों के लिए पार्किंग तथा 81 अन्य वाहनों के लिए स्टैंड प्रस्तावित है। बसों के रखरखाव के लिए कार्यशाला भी बनाई जाएगी, जिसमें एक समय में 100 बसों की मरम्मत की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए परिसर में केंद्रीकृत पंजीकरण केंद्र भी विकसित किया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं को ऑफलाइन पंजीकरण, यात्रा संबंधी जानकारी, प्रतीक्षालय, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास संबंधी सहायता और आपातकालीन सुविधाएं मिलेंगी। चारधाम विकास परिषद का मुख्य कार्यालय भी इसी परिसर में स्थापित करने का प्रस्ताव है। यात्रा के लिए 43 बसों और 43 कारों की पार्किंग व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

योजना में स्थानीय बस टर्मिनल (एलबीटी) का भी प्रावधान किया गया है। यहां 67 वाहनों के लिए स्टैंड, 90 टैक्सियों और 89 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाना है। भविष्य में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव है, जिसमें 92 कारों, 70 बसों और 26 मिनी बसों के लिए जगह उपलब्ध कराने की योजना है।

नए आईएसबीटी को नेपाली फार्म से प्रस्तावित बाईपास मार्ग से जोड़ा जाएगा। इससे बाहरी राज्यों से आने वाली बसों को शहर के मुख्य बाजार में प्रवेश किए बिना सीधे बस टर्मिनल तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव और जाम कम होने की उम्मीद है।

हालांकि, ऋषिकेश में पहले भी बस अड्डे को स्थानांतरित करने के प्रयासों का विरोध हो चुका है। ऐसे में नई परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय लोगों और संबंधित पक्षों की सहमति महत्वपूर्ण होगी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

15 नवंबर से खुलेगा राजाजी टाइगर रिजर्व, पर्यटक उठा सकेंगे जंगल सफारी का आनंद

उत्तराखंड में जंगल सफारी और वन्यजीवों को करीब से देखने के शौकीनों...

केदारनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 19.22 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन; कारोबार 250 करोड़ पार

उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का ऐसा सैलाब...

शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट, आठ कुंतल फूलों से सजाया गया मंदिर

पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में पूजे जाने वाले भगवान तुंगनाथ...