हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, 3 मार्च से गैरसैंण में विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में सरकार ने फैसला किया है कि यह सत्र प्लास्टिक मुक्त होगा। यहां तक कि सत्र में पानी पीने के लिए इस्तेमाल में आने वाली प्लास्टिक की बोतलें भी प्रतिबंधित होंगी।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने बजट सत्र के दौरान व्यवस्थाओं पर हुई बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होना है। सुरक्षा का जबरदस्त इंतजाम किया गया है। दिवालीखाल से लेकर भराडीसैंण (गैरसैंण) स्थित विधानभवन परिसर तक सुरक्षकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।
पेपरलेस तकनीक की ओर बढ़ते हुए इस बार फैसला किया गया है कि बजट का मसौदा भी पेन ड्राइव में उपलब्ध कराया जाएगा। उधर, प्लास्टिक की बोतलों पर बैन होने के मद्देनजर सीधे आरओ का पानी पीने के लिए उपलब्ध होगा।
आपको याद होगा, पिछले दिनों उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में ई-कैबिनेट की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य पेपर पर निर्भरता को खत्म करना, समयबद्ध कार्रवाई के साथ ही संस्थागत मेमरी को विकसित करना है। ई-कैबिनेट सिस्टम शुरू होने से कागज की भारी बचत होगी और इससे पर्यावरण को फायदा होगा। यह कदम ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता की दिशा में भी अहम है।


Leave a comment