मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फोन पर राज्य के विधायकों से बात कर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क रहने और संयम बरतने का अनुरोध किया है। शनिवार को सीएम ने लगभग 37 विधायकों से फोन पर विस्तार से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारी जिम्मेदारी बहुत अधिक है। हमें लोगों को राहत देनी है और समझाना भी है। अपने क्षेत्र में कोई परेशानी में हो तो सहायता करनी है।
उन्होंने विधायकों से कहा कि अगर किसी को खांसी, जुकाम, बुखार आदि इस प्रकार की कोई तकलीफ है तो स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें ताकि उचित इलाज हो सके। विधायकगण अपने समर्थकों व कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित करें। बाहर से आए लोगों पर नजर रखें, उन्हें आइसोलेशन में रहना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश इस वक्त कोरोना महामारी से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं एक सप्ताह में दो बार राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं।
सीएम ने साफ कहा, ‘हमारे पास केवल और केवल यही एक समाधान है कि हम सामाजिक दूरी बनाकर रखें। हमको दूरी बनाकर रखनी है। मेरा आपसे अनुरोध है कि सोशल डिस्टेंस बनाना सुनिश्चित करें। इसका स्वयं भी पालन करें और दूसरों को भी इसका पालन करने के लिए जागरूक करें।’ उन्होंने अनुरोध किया कि यदि कोई बाहर से आया है तो हम उससे सामाजिक दूरी बनाते हुए उसकी सूचना शासन को दें।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग उत्तराखंड से बाहर हैं और आना चाहते हैं उन्हें समझाएं कि जहां हैं, वहीं रहने में उनकी भलाई है। रास्ते में संक्रमित होने का खतरा रहता है। अगर दूसरे प्रदेशों में कोई परेशानी आ रही हो तो हम वहां की सरकार से बात करेंगे।


Leave a comment