भारी बर्फबारी से अवरुद्ध हुए जौनसार-बावर के आधा दर्जन मोटर मार्ग अभी भी आवागमन के लिए नहीं खुल पाए हैं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को बाजार से घरेलू सामान लाने के लिए कई किमी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। इन मार्गो को नहीं खोले जाने से लोगों में लोनिवि अधिकारियों के प्रति रोष है। एसडीएम ने बर्फबारी से अवरुद्ध मार्गो को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं।
बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व जौनसार-बावर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी से करीब एक दर्जन मार्ग अवरुद्ध हो गए थे। लोनिवि के अधिकारियों ने जेसीबी से कुछ मार्ग तो खोल दिए थे, लेकिन त्यूणी-चकराता, कथियान-त्यूणी, दारागाड़-डांगूठा-कथियान, लोखंडी-हटाल, गोराघाटी-मानथात-लावड़ी व अमराड़-जबराड़ मार्ग अभी भी अवरुद्ध है। इससे क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में अभी भी आवागमन बाधित है। सबसे ज्यादा असर जाड़ी, लोखंडी, कोटी-कनासर, पिगुंवा, कुनवा, पुनिंग, गोरछा, बुल्हाड़, डिरनाड़, डांगूठा, ऐठान, पटियूड़, किस्तुड़ व फनार समेत चार दर्जन से अधिक गांवों पर पड़ा है। आलम ये है कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे घरेलू सामान लाने के लिए भारी किल्लत हो रही है। उधर, एसडीएम चंद्र सिंह धर्मशक्तु ने लोनिवि चकराता के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे को बर्फबारी से बाधित हुए मार्गो को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं।


Leave a comment