Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश लॉकडाउन: मुंह पर गमछा बांधकर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों संग बैठक, जानिए राज्यों का मूड
देश-विदेश

लॉकडाउन: मुंह पर गमछा बांधकर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों संग बैठक, जानिए राज्यों का मूड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों बनारस में बीजेपी के पदाधिकारी से फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि मास्क पर पैसे क्यों खर्च करते हैं, वह तो डॉक्टरों के लिए हैं, हम तो अपना गमछा ही इस्तेमाल कर सकते हैं। अपनी कही उन बातों पर अमल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के दौरान चेहरे पर गमछा लपेटे रखा। सभी राज्यों के सीएम के साथ यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बैठक में कहा कि मैं 24 घंटे उपलब्ध हूं, कोई भी मुख्यमंत्री कभी भी मुझे सुझाव दे सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्रियों को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर गौर किया जाएगा। कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र  सिंह रावत, अमरिंदर सिंह (पंजाब), ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल), उद्धव ठाकरे (महाराष्ट्र), योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), मनोहर लाल खट्‌टर (हरियाणा), के चंद्रशेखर राव (तेलंगाना) और नीतीश कुमार (बिहार) समेत दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। पंजाब, महाराष्ट्र और दिल्ली के मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की।

 

उत्तराखंड सरकार पहले ही 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का मन बना चुकी है। राज्य सरकार ने इसकी के प्रस्तावित योजना भी तैयार की है। इसमें लॉकडाउन 30 अप्रैल जबकि सोशल डिस्टेंसिंग को 31 मई तक बढ़ाने की बात कही गई है। इसके अलावा राज्य में मास्क पहनना भी अनिवार्य किया गया है। उत्तराखंड में अभी तक कोरोना संक्रमण के 35 मामले सामने आए हैं, इनमें से 5 लोग ठीक हो चुके हैं।

 

इस अहम बैठक में प्रधानमंत्री इस बात पर फैसला लेंगे कि लॉकडाउन को 14 अप्रैल से आगे बढ़ाया जाए या नहीं। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इसे बढ़ाने की इच्छा जताई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लाइव संवाद के दौरान पीएम से कहा कि 30 अप्रैल तक पूरे देश में लॉकडाउन को बढ़ाया जाना जरूरी है।

यह भी देखें – उत्तराखंड में बढ़ रहे लॉकडाउन में क्या बंद रहेगा, क्या खुलेगा एक नजर

आपको बता दें कि उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्य पहले ही यह कह चुके हैं कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए लॉकडाउन को बढ़ाया जाना जरूरी है। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि सीएम के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में लॉकडाउन को दो हफ्ते और यानी 30 अप्रैल तक बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। 11 अप्रैल को कोरोना मरीजों की संख्या 7447 पहुंच गई जबकि मरने वालों की संख्या 239 है। पिछले कुछ दिनों से देश में हर रोज 500 से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जो देश का कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित प्रांत है। ऐसे में केंद्र हो या राज्य सरकारें, कोई भी जोखिम लेना नहीं चाहेंगी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles