देहरादून में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इलेक्ट्रिक बस परियोजना की शुरूआत हो गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिलाराम चौक स्थित जल संस्थान कार्यालय से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत यह एक अच्छी शुरूआत हुई है। इलेक्ट्रिक बस से प्रदूषण भी कम होगा और लोगों की यात्रा भी सुलभ होगी। 5 इलेक्ट्रिक बसों को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्मार्ट सिटी में चलने वाली इन बसों में 25 सीटें सामान्य लोगों के लिए एवं दिव्यांग व्यक्तियों के लिए व्हील चेयर खड़ी करने के लिए स्थान की सुविधा उपलब्ध है। इलेक्ट्रिक बस में फ्रंट और रियर एयर सस्पेंशन की सुविधा उपलब्ध है। यह बस वातानुकूलित है, इसमें जीपीएस. सिस्टम, 3 सीसीटीवी कैमरा, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, आईटीएस डिस्प्ले, हर सीट में यूएसबी पोर्ट, आपातकालीन बटन, इमरजेंसी हैमर, अग्निशमन यंत्र एवं रिजनरेशन सिस्टम की सुविधा है।
इस अवसर पर टिहरी से सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंस कपूर, विनोद चमोली, गणेश जोशी एवं सीईओ स्मार्ट सिटी एवं जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष श्रीवास्तव उपस्थित थे।


Leave a comment