Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ चमोली चमोली आपदा अपडेट: ग्लेशियर टूटने से 8 लोगों की मौत, सेना ने 380 से ज्यादा लोगों को बचाया
चमोलीउत्तराखंड न्यूज़

चमोली आपदा अपडेट: ग्लेशियर टूटने से 8 लोगों की मौत, सेना ने 380 से ज्यादा लोगों को बचाया

कोरोना काल में उत्तराखंड में एक बार फिर आपदा ने तबाही मचाई है। चमोली जिले के नीति घाटी में सुमना में ग्लेशियर टूटने से कई लोगों की मौत हो गई है। भारतीय सेना की ओर से जानकारी दी गई है कि अब तक 384 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। 8 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

भारतीय सेना के सेंट्रल कमांड ने बताया कि बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) का एक कैंप कल यानी 23 अप्रैल को आपदा की चपेट में आ गया था। चीन की सीमा से सटे जोशीमठ सेक्टर के सुमना इलाके में यह घटना हुई है।

चमोली में भारत और चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़क पर सुमना-2 के पास भारी बर्फबारी हुई है। बताया जाता है कि इसी कारण ग्लेशियर टूट गया। कई दिनों से पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। सीएम तीरथ सिंह रावत लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

उधर, शनिवार सुबह सीएम तीरथ सिंह रावत और राज्य मंत्री धन सिंह रावत ने घटनास्थल का हवाई दौरा किया और फिर अधिकारियों से मुलाकात कर जानमाल के नुकसान की जानकारी ली।

सीएम तीरथ ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने नीति घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड को पूरी मदद देने का आश्वासन दिया है और आईटीबीपी को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं।

शाम को खबर मिलते ही सीएम ने जिला प्रशासन को मामले की पूरी जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए। एनटीपीसी एवं अन्य परियोजनाओं में रात के समय काम रोकने के आदेश दे दिए गए ताकि कोई अप्रिय घटना ना होने पाये।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles