ऋषिकेश की महापौर अनिता ममगाई भारी बारिश के बावजूद खुद सड़कों पर उतर कर शहर में जलभराव की स्थिति का जायजा ले रही हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर ड्रेनेज सिस्टम का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करवाई जाए और जल भराव के कारण लोगों को किसी प्रकार की समस्या न होने दी जाए।
ऋषिकेश में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में भी नगर निगम महापौर आज खुद सड़कों पर उतरीं। करीब 3 घंटे तक उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। मौके पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देश दिए।
सोमवार की सुबह जोरदार बारिश के बीच नगर निगम महापौर सफाई निरीक्षकों व नाला गैंग के सदस्यों के साथ पुरानी चुंगी पहुंची, जहां उन्होंने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद परशुराम चौक, कोयल घाटी सहित शहर के अनेकों जलभराव वाले स्थानों पर सिलसिलेवार उन्होंने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। महापौर ने बताया कि शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग की खस्ताहाल स्थिति व पुरानी पाइप लाइनों की खामियों की वजह से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है जिसको सुधारने के लिए उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में नगर निगम ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए मशक्कत करता रहा है। इसके लिए एक मेगा प्रोजेक्ट भी निगम द्वारा तैयार किया गया है। उक्त प्रोजेक्टट के परवान चढ़ने से बारिश में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। महापौर ने बताया कि जलभराव से डेंगू का खतरा पैदा हो सकता है। इस पर भी निगम प्रशासन ऐहतियात बरत रहा है। मौके पर अशोक पासवान, रोमा सहगल, राकेश पाल, गौरव कैंथोला, सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा, धीरेन्द्र सेमवाल,हवलदार नरेश खेरवाल, तीरथ आदि मोजूद रहे।



Leave a comment