Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड में नए नेशनल हाईवे के लिए मिलेंगे 1000 करोड़ रुपये, नितिन गडकरी से मिले सीएम धामी
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

उत्तराखंड में नए नेशनल हाईवे के लिए मिलेंगे 1000 करोड़ रुपये, नितिन गडकरी से मिले सीएम धामी

अपने दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में नए राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 1000 करोड़ रुपये और केंद्रीय सड]क अवस्थापना निधि में अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

सीएम धामी ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन व सहयोग से पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और सेतुओं के निर्माण में आने वाली अत्यधिक लागत को देखते हुए भारत सरकार द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई सहायता प्रदेश के आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कों के लिए उत्तराखंड राज्य की प्रत्येक आवश्यकता को पूरा किया जाएगा। राज्य में रोपवे और केबिल कार के लिए भी सहायता दी जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय सड़क अवस्थापना निधि के अंतर्गत राज्य सरकार के अनुरोध पर 615.48 करोड़ रुपये की लागत के 42 कार्यों को स्वीकृत किया गया था। अब केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा इसमें 300 करोड़ रुपए और दिये जाने के प्रति आश्वस्त किया गया है।

सीएम धामी ने देहरादून से टिहरी झील हेतु 02 लेन टनल के निर्माण की स्वीकृति का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से विश्वस्तरीय टिहरी झील जाने के लिए मसूरी-चम्बा कोटी कालोनी मोटर मार्ग से कुल 105 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है, जिसमें सम्पूर्ण मार्ग पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण लगभग 3.30 घंटे का समय लगता है। उक्त टनल देहरादून के राजपुर के निकट से प्रस्तावित है, जो टिहरी झील के निकट कोटी कालोनी में समाप्त होगी। टनल की कुल लंबाई लगभग 35 किमी आएगी। टनल के निर्माण की अनुमानित लागत 8750 करोड़ रुपये आएगी।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles