Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ अंतरराष्ट्रीय सेब महोत्सवः सीएम धामी ने उत्पादन बढ़ाने के लिए एप्पल मिशन की धनराशि दोगुनी करने का ऐलान किया
उत्तराखंड न्यूज़देहरादूनसरोकार

अंतरराष्ट्रीय सेब महोत्सवः सीएम धामी ने उत्पादन बढ़ाने के लिए एप्पल मिशन की धनराशि दोगुनी करने का ऐलान किया

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में सेब उत्पादन को बढ़ावा देने और राज्य के सेब को पहचान दिलाने के लिए एप्पल मिशन को दी जाने वाली धनराशि दोगनी करने का ऐलान किया है। सीएम धामी ने रेंजर ग्राउंड में तीन दिन के अंतरराष्ट्रीय सेब महोत्सव का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की।

सीएम धामी ने कोरोना काल में औद्यानिकी एवं बागवानी के विकास से जुड़े कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान किये जाने की भी घोषणा की। साथ ही कहा कि प्रदेश में उद्योगों के साथ ही उद्यान एवं बागवानी के विकास के लिए अनुकूल नीति बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नए उद्यानों की स्थापना तथा उनके बेहतर प्रबंधन पर ध्यान देने पर बल देते हुए कृषि वैज्ञानिकों से राज्य की भौगोलिक परिस्थिति के अनुकूल कृषि एवं बागवानी के विकास के लिए शोध एवं अनुसंधान पर ध्यान देने की अपेक्षा की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब पौष्टिकता से युक्त फल है। हमारा सेब उत्पादन आगे बढ़े तथा देश-दुनिया में इसकी पहचान बने, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन निश्चित रूप से हमारे सेब उत्पादकों तथा बागवानी से जुड़े किसानों को नए अवसर प्रदान करने तथा प्रधानमंत्री मोदी के किसानों एवं बागवानों को खुशहाल बनाने के संकल्प को भी पूरा करने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा भी राज्य में कृषि एवं बागवानी के विकास में पूरा सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई तकनीक के बल पर सेब के उन्नत किस्म के पेड़ लगाने से हम जम्मू कश्मीर एवं हिमाचल से अच्छी क्वालिटी का सेब उत्पादन कर उसके निर्यातक बनें। उन्होंने इस दिशा में समेकित प्रयासों की भी जरूरत बताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों, नौजवानों, समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है, इसके लिये जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सरलीकरण के साथ समाधान एवं निस्तारण तथा संतुष्टि के भाव के साथ कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पर आयोजित प्रदर्शनी एवं स्टालों का भी अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों से भी जानकारी प्राप्त की।

कृषि एवं उद्यान में मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह आयोजन राज्य के सेब उत्पादन एवं बागवानी के विकास मे मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एप्पल मिशन के साथ अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जा रहा है। जम्मू कश्मीर एवं हिमाचल के साथ हमारे सेब की पहचान बने इसके लिए क्वालिटी एवं पैकिंग पर ध्यान दिया गया है। आधुनिक तकनीक एवं उपकरणों के साथ कृषि वैज्ञानिकों को भी इससे जोड़ा गया है ताकि बेहतर अनुसंधान के बल पर हमारे उत्पादों की पहचान बन सके।

निदेशक उद्यान डॉ. एच.एस. बवेजा ने बताया कि प्रदेश को उद्यान प्रदेश बनाने की कार्य योजना तैयार की गई है। इसके लिए 1690 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हमारे किसान आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर बागवानी के विकास में सहयोगी बनें इसके प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक महेश नेगी, पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा आदि उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...