उत्तराखंड के युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़े तकनीकी नवाचार, अब तक हुई प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमी के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतार सकें। इसके लिए उन्हें आवश्यक संसाधन, मार्गदर्शन और सरकारी स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है और उत्तराखंड के युवा भी विभिन्न आधुनिक क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की मौजूदा स्टार्टअप और औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ इस प्रोजेक्ट को दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। साथ ही, आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में भी विभागीय स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाए।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के नए विचारों को केवल प्रोत्साहित करने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें व्यावहारिक रूप से धरातल पर उतारने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस और अन्य आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवा तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे नवाचार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड में नई तकनीकों के प्रयोग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था राज्य के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, ऐसे प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाते समय तकनीकी क्षमता के साथ सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन भी जरूरी होगा।
रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि वह इस क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि तकनीक को और विकसित करते हुए भविष्य में इसे उपयोगी परिवहन विकल्प के रूप में आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने प्रोजेक्ट को लेकर अब तक किए गए प्रयासों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।
मुख्यमंत्री ने रवि टमटा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नया उत्तराखंड केवल बड़े विकास कार्यों से नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के नए विचारों, नवाचार और उद्यमिता से भी बनेगा। सरकार की कोशिश है कि प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों के अभाव में अपने सपनों को अधूरा न छोड़ना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं के नवाचारों को उचित प्रोत्साहन और अवसर देकर उन्हें रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है।








Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *