भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में आयोजित तुंगनाथ महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंच केदार के आंचल में बसे भू-भाग को विश्व में बड़ी श्रद्धा से जाना जाता है। इसलिए प्रतिवर्ष सैकड़ो तीर्थ यात्री यहां के पावन तीर्थों में आकर अपने को धन्य महसूस करते है। उन्होंने भगवान तुंगनाथ के धाम एवं शीतकालीन गद्दी स्थल की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि इस माटी में पदार्पण करने से मनुष्य को अपार शांति मिलती है।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आगामी 5 नवंबर को श्रीकेदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 400 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों से 2024 तक कर्णप्रयाग तक रेलवे लाइन का कार्य पूरा हो जाएगा तथा चार धाम परियोजना का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
प्रदेश सरकार द्वारा दर्जनों जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है जिसका लाभ हर ग्रामीण को मिल रहा है तथा राज्य सरकार द्वारा उपनल कर्मियों, आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि कर दी गयी है तथा आंगनबाड़ी कार्यत्रियो के मानदेय में जल्द कार्यवाही की जायेगी। तुंगनाथ महोत्सव को जिला स्तरीय महोत्सव तथा मक्कू गांव में स्वास्थ्य केंद्र लने की घोषणा की।

कृर्षि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों योजनाओं का संचालन किया जा रहा है तथा प्रदेश भाजपा सरकार में साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में घस्यारी जैसी योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने मक्कू गांव को आईएमए विलेज बनाने की घोषणा की।



Leave a comment