जनरल बिपिन रावत के गांव में उनके परिवार को सात्वना देने के लिए पौड़ी के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे पहुंचे। उन्होंने आज देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन सिंह रावत के पैतृक गांव विकासखंड द्वारीखाल के सैंण में उनके परिजनों के पास पहुंच कर शहीद जनरल बिपिन सिंह रावत व उनकी पत्नी मधुलिका रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए उपस्थित लोगों के साथ 2 मिनट का मौन रखा।
जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन सिंह रावत का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा तथा वह सदैव अमर रहेंगे और हमारी स्मृति में रहेंगे। उन्होंने उनके परिजनों को हर सम्भव मदद दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने उनके परिजनों से कहा कि वे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि रूप में पहुंचे है। मुख्यमंत्री स्वयं उनके अंतिम संस्कार कार्यक्रम हेतु दिल्ली रवाना हुए है। राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनरल रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। वहीं जनपद के समस्त विभागों व कार्यालयों में भी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा 2 मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का देश के लिए अहम योगदान रहा है। परिजनों के साथ बातचीत के दौरान उनको याद करते हुए कहा कि पिछले सप्ताह उनके द्वारा एचएनबी गढ़वाल विश्व विद्यालय के दीक्षान्त समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग कर छात्रों को प्रमाण पत्र आदि वितरित कर बच्चों का आर्शीवाद दिया गया। उन्होंने कहा कि जनरल रावत का जनपद में समय-समय पर आना-जाना रहता था और इस दौरान वे जनपद की समस्याओं से भी अवगत कराते रहते थे और क्षेत्र विकास के लिए प्रयासरत रहते थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहीद सीडीएस जनरल बिपिन रावत के गांव को जोड़ने वाली सड़क लोक निर्माण विभाग दुगड्डा द्वारा पूर्व में डीपीआर तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग दुगड्डा से वार्ता कर एक किमी सड़क निर्माण का कार्य जल्द प्रारम्भ किया जाएगा। कहा कि सीडीएस बिपिन रावत की स्मृति में कुछ निर्माण कार्य या अन्य कार्य किये जायेंगे, उसके लिए परिवार से वार्ता की जाएगी तथा प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने उनके परिजन भरत सिंह (चाचा), सुशीला देवी (चाची), हरीनंदन रावत (चाचा), संतोष (चाची), रवींद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, संजय व अजय रावत (भाई), कुसुम (भाई की बहू) एवं आरबी (भतीजी) आदि परिवार के सदस्यों के साथ शोक संवेदना व्यक्त किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी संदीप कुमार, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद नेगी, तहसीलदार कोटद्वार विकास अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।






Leave a comment