Friday , 4 September 2026
Home देश-विदेश ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह नहीं रहे, सीडीएस हेलिकॉप्टर हादसे के बाद से लड़ रहे थे जिंदगी की जंग
देश-विदेशहमारी फ़ौज

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह नहीं रहे, सीडीएस हेलिकॉप्टर हादसे के बाद से लड़ रहे थे जिंदगी की जंग

तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का आज निधन हो गया। वह सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ हेलिकॉप्टर में यात्रा कर रहे 14 लोगों के दल में शामिल थे और वह हादसे में जिंदा बचे एक मात्र सैन्य अधिकारी थे।

वायुसेना की ओर से उनके निधन की पुष्टि की गई है। भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर बताया कि, यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन का इलाज के दौरान आज निधन हो गया। वह 8 दिसंबर 2021 को हुए हादसे में अकेले जिंदा बचे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्रुप कैप्टन निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि। देश के लिए उनकी सेवा को सभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने पराक्रम, अत्यंत पेशेवराना अंदाज से देश की सेवा की। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, भारतीय वायुसेना के पायलट ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन से हुए दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह सच्चे फाइटर थे, जिन्होंने अपनी अंतिम सांस तक जंग जारी रखी।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह उत्तर प्रदेश के देवरिया के कन्हौली गांव के रहने वाले थे। वह मूलरूप से फाइटर पायलट थे। इस समय वह तमिलनाडु के वेलिंगटन में तैनात थे। वेलिंगटन स्थित डिफेंस एकेडमी के कार्यक्रम में सीडीएस रावत को हिस्सा लेना था, कैप्टन उनके साथ जा रहे थे, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। इस हेलीकॉप्टर हादसे में 13 अधिकारियों और जवानों की जान चली गई थी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles