प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने 8 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिसमें सतपाल महाराज, प्रेमचन्द अग्रवाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, चन्दन राम दास एवं सौरभ बहुगुणा ने शपथ ली। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी की सुपुत्री, ऋतु खंडूरी को विधान सभा का स्पीकर बनाया जायेगा।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी, केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, केन्द्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, केन्द्रीय पशुपालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव वालियान, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद रेखा वर्मा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, राज्य सभा सासंद अनिल बलूनी, नरेश बंसल, दुष्यंत गौतम, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायकगण, सन्तगण, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर परेड ग्राउंड के आसपास पूरी तरह सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया था। यहां पर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती थी समारोह में आने जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही थी जिससे कि कोई शरारती तत्व इस समारोह में व्यवधान न डाल सके। इसके अलावा मंच की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी देख रही थी क्योंकि यहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी हिस्सा ले रहे थे।
पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले सन्त महात्माओं पर पुष्प वर्षा की और उनका आशीर्वाद लिया। समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए 20 हजार कुर्सियांे की व्यवस्था की गई है इसके अलावा मैदान में पांच हजार लोग खड़े होकर भी समारोह को देख रहे थे। इस समारोह में लगभग 25 हजार लोग उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह में हरिद्वार और ऋषिकेश से संत समाज के कई विद्वान शामिल हुए। इस कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु ने किया।


Leave a comment