आज एक सड़क हादसे में एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया गंभीर रूप से घायल हो गई हैं तथा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया अपने चालक गोविंद राम के साथ हरिद्वार से बाईपास मार्ग होते हुए लक्सर आ रही थीं।
यह घटना लक्सर रुड़की मार्ग पर स्थित सोलानी पुल के पास हुई जब सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी खतरनाक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गये तथा ड्राइवर गोविंद राम की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में एसडीएम संगीता कनौजिया गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। जिन्हें इलाज के लिए रुड़की के विनय विशाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही लक्सर और मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई है। जिस ट्रक से यह हादसा हुई उसको कब्जे में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर-रूङकी मार्ग पर एसडीएम लक्सर के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी हरिद्वार से पूरी घटना की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में वाहन चालक की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।


Leave a comment