अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिये गये हैं। इसी के साथ चारधाम यात्रा प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहे।
पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। मुख्यमंत्री धामी ने गंगोत्री में पूजा अर्चना की और प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि आज से चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो रही है, मैं सभी श्रद्धालुओं का उत्तराखंड देवभूमि आगमन पर स्वागत करता हूं। ये यात्रा ऐतिहासिक हो, सबकी यात्रा सरल व सुगम हो, सबके मंगल की कामना करता हूं। हमारी सरकार सुगम एवं सुरक्षित चार धाम यात्रा हेतु वचनबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से यमुनोत्री धाम के मुख्य पुजारियों एवं वहां उपस्थित समस्त श्रद्धालुजनों को अक्षय तृतीया एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालू यहां मौजूद रहे।
शासन द्वारा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्वतीय मार्गों पर सुबह 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक वाहनों के संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी देते हुए परिवहन आयुक्त रणवीर सिंह चैहान ने बताया कि वर्तमान में चारधाम यात्रा हेतु यात्रा चैकपोस्टों का सुचारू रूप से संचालन प्रारंभ हो गया है।
इस वर्ष चारधाम यात्रा में अत्यधिक संख्या में यात्रियों की आने की संभावना है। चारधाम यात्रा मार्ग में हुए सुधार व विकास के फलस्वरूप चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा चारधाम यात्रा में पर्वतीय मार्गों पर सुबह 4 बजे से रात्रि में 10 बजे तक वाहनों के संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है।
परिवहन आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


Leave a comment