आज बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचमुखी डोली का पहला पड़ाव व रात्रि प्रवास विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में होगा।
वेद मंत्रोच्चार व धार्मिक परंपराओं के बीच बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति ने चल विग्रह डोली में विराजमान होकर पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से धाम के लिए प्रस्थान किया। इससे पूर्व केदारनाथ के लिए नियुक्त मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति को पंचकेदार गद्दीस्थल के गर्भगृह से सभामंडप में विराजमान किया।
उन्होंने बताया कि 3 मई (मंगलवार) को डोली गुप्तकाशी से प्रातः 8 बजे प्रस्थान करते हुए फाटा में प्रवास किया जाएगा। 4 मई को फाटा से गौरीमाई मंदिर गौरीकुंड के लिए रवाना होगी तथा रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन (5 मई) को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
6 मई (शुक्रवार) को प्रातः 6 बजकर 25 मिनट पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।


Leave a comment