उत्तराखंड में आजकल भारी बारिश हो रही है इसके चलते मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और ऊधमसिंहनगर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि, अन्य जगह हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत व ऊधमसिंहनगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट रहेगा
राज्य के कई हिस्सों में रविवार को भी भारी बारिश दर्ज की गई। लोहाघाट 46.5, रुद्रपुर 43, नैनीताल 32, धनोल्टी 29, मुखेम 27.5, बाजपुर 26, नई टिहरी व रानीचौरी 19 एमएम बारिश हुई। जुलाई के महीने में उत्तराखंड में 404.4 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से तीन फीसदी कम है। बागेश्वर में सर्वाधिक 888.4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई जो कि सामान्य से 224 फीसदी अधिक है। चमोली 87 फीसदी अधिक बारिश के साथ दूसरे नंबर पर रहा। हालांकि, चम्पावत में सामान्य से 60, नैनीताल में सामान्य से 36, ऊधमसिंहनगर में सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश हुई है। देहरादून में रविवार को 67 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग ने 1 से 5 अगस्त तक उत्तराखंड में बारिश का अनुमान लगाया है।
उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा के कारण यहां के लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राज्य के कई जिलों के नदी नाले उफान पर चल रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क संपर्क टूट गया है, हरिद्वार में भी गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर हो गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है तथा जो सड़के टूट गई है उन सड़कों को ठीक किया जा रहा है। कई स्थानों पर आने जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है।


Leave a comment