उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कुछ जगहों पर जानमाल के नुकसान के समाचार मिले हैं। कई स्थानों पर सड़क मार्ग में भी बंद हो गये हैं तो कई स्थानों पर मकानों के टूटने की भी खबर है। जनपद देहरादून के राजपुर रोड पर काठबंगला में अतिवृष्टि से एक मकान जमींदोज होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही घटना पर एस.डी.आर.एफ. टीम त्वरित रेस्क्यू हेतु घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा क्षतिग्रस्त मकान में से 2 महिलाओं व एक नवजात बच्चे का शव निकालकर सिविल पुलिस के सुपर्द किया।
वहीं सरखेत में अतिवृष्टि से आये सैलाब के कारण आवाजाही का एक मात्र रास्ता भी ध्वस्त हो गया जिससे कुछ स्थानीय लोग वहीं पर फंस गए। इस घटना की जानकारी पर एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू करते हुए फंसे हुए स्थानीय लोगों को रोप की सहायता से नदी पार कराकर सुरक्षित स्थान पर भेजा साथ ही मालदेवता में भी फंसी हुई कुछ गायों को बाहर निकाला।

इसके अलावा कई जगहों से सड़क क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत आज कुल 106 मार्ग अवरुद्ध हुये तथा 58 मार्ग कल के अवरूद्ध थे अर्थात कुल 164 अवरूद्ध मार्गो में से 68 मार्गो को आज खोल दिया गया है। शेष 96 मार्ग अवरूद्ध है, जिसमें से 12 राज्य मार्ग, 9 मुख्य जिला मार्ग, 4 अन्य जिला मार्ग एवं 71 ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध है। इसके अतिरिक्त पी.एम.जी.एस.वाई. के अन्तर्गत आज 40 मार्ग अवरुद्ध हुये तथा 59 मार्ग कल अवरूद्ध थे अर्थात कुल 99 अवरूद्ध मार्गो में से आज 17 मार्गो को खोल दिया गया है, शेष 82 अवरुद्ध मार्गो को खोले जाने की कार्यवाही गतिमान है। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्गो पर 1 मशीनें, राज्य राजमार्गों पर 60 मशीनें, मुख्य जिला मार्गो पर 16 मशीनें, अन्य जिला मार्गो पर 10 मशीनें, तथा ग्रामीण मार्गो पर 82 मशीनें, कुल 172 मशीनें कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त पी.एम.जी.एस.वाई. के मार्गो पर 100 मशीनें लगायी गयी है।
इसके अलावा ऊर्जा विभाग के अन्तर्गत राज्य के अधिकतर जनपदों में विद्युत आपूर्ति सुचारू है। जिला टिहरी तथा पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में वर्षा के कारण कई ग्रामों में विद्युत व्यवस्था बाधित चल रही है। आज तक राज्य में कुल 409 ग्रामों में विद्युत बाधित थी। जिसमें से 360 ग्रामों की विद्युत आपूर्ति पूर्णरूप से सुचारू कर दी गई हैं। शेष 49 ग्रामों में विद्युत आपूर्ति हेतु कार्य किया जा रहा है।


Leave a comment