हिल-मेल ने नई दिल्ली में ‘हिल-मेल – शिखर पर उत्तराखंडी 2016’ पोल के नतीजे 25 दिसंबर, 2016 को जारी कर दिए। अपनी तरह की इस पहली रायशुमारी में वर्ष 2016 के लिए उत्तराखंड की शीर्ष 50 शख्सियतों का चयन किया गया है। अलग-अलग क्षेत्र में सफलता हासिल कर शिखर पर पहुंचने वाले उत्तराखंडियों को इस सूची में जगह दी गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल टॉप-50 की सूची में शीर्ष स्थान पर रहे। उत्तराखंड की दूसरी सबसे प्रभावशाली शख्सियत के तौर पर लोगों ने ऋषिकेश को योग एवं आयुर्वेद के अहम केंद्र के रूप में सामने लाने वाले योगगुरु बाबा रामदेव को चुना है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत इस सूची में तीसरे पायदान पर रहे। वहीं एक और पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रियाटर्ड) बीसी खंडूडी को सूची में चैथा स्थान हासिल हुआ है। हाल ही में अगले सेनाध्यक्ष मनोनीत किए गए ले. जनरल बिपिन रावत भी शीर्ष पांच में जगह बनाने में सफल रहे।
रिसर्च एवं एनालिसिस विंग (रॉ) के मनोनीत प्रमुख अनिल धस्माना, कोस्ट गार्ड के महानिदेशक राजेंद्र सिंह, गीतकार एवं एडगुरु प्रसून जोशी, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रिंसिपल कर्नल अजय कोठियाल और टाटा स्टील के अंतरिम चेयरमैन ओपी भट्ट भी शीर्ष-10 प्रभावशाली शख्सियतों में शामिल हैं।
नई दिल्ली के कोस्ट गार्ड लॉन में हुए उत्तराखंडी मिलन कार्यक्रम के दौरान मनोनीत सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत, कोस्ट गार्ड के महानिदेशक राजेंद्र सिंह, रॉ के मनोनीत प्रमुख अनिल धस्माना की गरिमामय उपस्थिति में हिल-मेल पत्रिका का वार्षिक विशेषांक जारी किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड की कई प्रमुख हस्तियां और प्रबुद्धजन मौजूद थे।
उत्तराखंड के चमकते सितारों को एक साथ लाने की कल्पना के तहत हिल-मेल पत्रिका ने – ‘हिल-मेल – शिखर पर उत्तराखंडी 2016’ पोल कराया था। हिल-मेल पत्रिका का यह विशेषांक पूरी तरह से उन उत्तराखंडियों को समर्पित है, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है और जिनकी कहानी दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
50 का चयन करने के लिए सबसे पहले अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता की कहानी लिखने वाले 100 उत्तराखंडियों की सूची तैयार की गई। इसमें उत्तराखंड में जन्मे अथवा मूल निवासियों को शामिल किया गया। उन लोगों को भी शीर्ष 100 में रखा गया जिनकी कर्मभूमि उत्तराखंड रही है। हिल-मेल ने 20 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच अपने ऑनलाइन और पत्रिका के नियमित पाठकों से रायशुमारी करवाई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर व्यापक सर्वे किया गया। साथ ही 5 सदस्यीय चयन समिति बनाई गई। सर्वे के नतीजों और चयन समिति की राय के अनुसार टॉप-50 का चुनाव किया गया। कई नाम ऐसे भी रहे चर्चित होने के बावजूद टॉप-50 में जगह नहीं बना पाए।
इस अवसर पर हिल मेल फाउंडेशन द्वारा अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए हिलरत्न सम्मान प्रदान किया गया। इनमें सेना के मनोनीत सेनाध्यक्ष ले जनरल बिपिन रावत, राॅ के मनोनीत चीफ अनिल कुमार धस्माना, गेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक बीसी त्रिपाठी, सरदार पटेल स्कूल की प्रिसिपल अनुराधा जोशी, सीबीएससी के ज्वाइंट सेकेट्री एसएस रावत, दिल्ली पुलिस के एसीपी ललित मोहन नेगी, आईएफएस आलोक डिमरी और न्यूज 24 के मैनेजिंग एडीटर दीप उपाध्याय को हिलरत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
हिल मेल ब्यूरो


Leave a comment