सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण विस्थापित परिवारों को मकान किराये के लिए 4 हजार रूपये प्रति माह की दर से 6 माह तक दिये जाने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से राशि स्वीकृत की गई है।
जनपद चमोली के तहसील जोशीमठ के नगरपालिका क्षेत्र जोशीमठ के अन्तर्गत विगत दिनों से हो रहे भू-धंसाव से प्रभावित ऐसे परिवार जिनके मकान क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण अधिवासन योग्य नहीं है अथवा ऐसे परिवार जो बेघर हो गये हैं।
इन परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर किराये के मकान में अस्थायी रूप से विस्थापित करने के लिए 4000 रूपये प्रति परिवार की दर से 6 माह के किराये मद में मुख्यमंत्री राहत कोष से अग्रिम के रूप में 1.00 करोड़ रूपये (एक करोड रूपये मात्र) स्वीकृत कर जिलाधिकारी चमोली के निवर्तन रखा गया है।

जिलाधिकारी को लिखे पत्र में बताया गया है कि जनपद चमोली के तहसील जोशीमठ की नगर पालिका क्षेत्र जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण 600 से अधिक भवनों में दरारें पड़ने से 38 प्रभावित परिवारों को अस्थाई रूप से अन्यंत्र किराये पर निवास विस्थापित किया गया है तथा निरन्तर आवासीय भवनों में दरारें बढ़ रही हैं, जिससे प्रभावित की संख्या बढ़ने के कारण उन्हें भी सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाना संभावित है, के दृष्टिगत प्रभावित परिवारों को किराये के भवनों पर विस्थापित करने हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुरोध किया गया है।
इसमें पत्र में बताया गया है कि चमोली जिले के जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 करोड़ की राशि स्वीकृत की जा चुकी है और इसे तुरन्त हस्तान्तरित किये जाने का निर्देश दिया गया है।


Leave a comment