कोटद्वार-पौड़ी नेशनल हाइवे पर हाथियों के झुंड आ जाने के कारण यहां पर करीब आधा घंटा यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंचे वनकर्मियों ने हाथियों को नीचे खोह नदी में खदेड़कर हाईवे पर यातायात सुचारू किया। कोटद्वार रेंज अधिकारी ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के कारण अब यहां पर हल्की गर्मी होने लगी है। जिसके कारण हाथियों का झुंड इन दिनों खोह नदी के आस-पास आ जाता है।

लोगों ने बताया कि शाम करीब पांच बजे हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर हाईवे पर आ गया था, जिससे दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। काफी देर तक हाथियों का यह झुंड सड़क के आसपास ही रहा। जिसके बाद इसकी सूचना वनकर्मियों को दी गई और वन कर्मियों ने हाथियों को झुंड को फिर भगाया। उन्होंने पटाखे फोड़कर और हवाई फायरिंग कर हाथियों के झुंड को हाईवे से खोह नदी की ओर खदेड़ा।
वन कर्मियां ने कहा कि हाथी दिखने पर तुरंत वाहनों को रोक देना चाहिए। सिद्धबली मंदिर के सामने तिलवाढांग फारेस्ट चेक पोस्ट के पास से हाथियों का नदी में जाने का यह बहुत पुराना रास्ता है। कोटद्वार क्षेत्र से हाथी कार्बेट और राजाजी पार्क में आते जाते रहते हैं। वन कर्मियों ने बताया कि खोह नदी हाथियों के पानी पीने का पसंदीदा स्थल है। ऐसे में खोह नदी के तट पर और कोटद्वार दुगड्डा के बीच हाईवे पर आवाजाही संभलकर करनी चाहिए।


Leave a comment