Home ताज़ा ख़बर सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री राम लला व श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया
ताज़ा ख़बरदेश-विदेशसरोकार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री राम लला व श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचने पर श्री हनुमानगढ़ी मंदिर तथा श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर श्री राम लला का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से श्री राम जन्मभूमि परिसर में निर्माणाधीन मंदिर की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अयोध्या में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अयोध्या विजन-2047 के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। ज्ञातव्य है कि अयोध्या विजन-2047 के तहत 134 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। यह परियोजनाएं मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, परिवहन, चिकित्सा, शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, सिंचाई, सेतु निगम, रेलवे आदि से सम्बन्धित हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। शासन के सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर अयोध्या आकर कार्यों की प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया जाए। उन्होंने अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी बनाए जाने तथा इसके सांस्कृतिक गौरव के अनुरूप कार्य किए जाने पर बल दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामपथ, भक्ति पथ व जन्मभूमि पथ के निर्माण से प्रभावित शत-प्रतिशत दुकानदारों के पुनर्वास के लिए अन्यत्र दुकानें दी जाय। उन्होंने कौशलेश कुंज, अमानीगंज आदि स्थलों पर निर्मित किए जा रहे बहुउद्देशीय पार्किंग स्थल एवं दुकानों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रामनवमी के अवसर पर साफ-सफाई, पेयजल, टॉयलेट, चेंजिंग रूम आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों के सम्बन्ध में सुझाव दिए गए। इनका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंडलायुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि नगर निगम, विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण आदि विभागों के समन्वय से टॉयलेट का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में 608 टॉयलेट पॉइंट बने हैं। आगामी वर्षों में 2600 टॉयलेट पॉइंट लगाने की प्लानिंग है। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी। जिला अधिकारी ने भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ से विस्थापित दुकानदारों के बारे में बताया कि इनके लिए दुकानों का आवंटन हो चुका है। दुकान आदि का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने अयोध्या विजन से सम्बन्धित कार्यों की अद्यतन स्थिति से भी अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रामनवमी सहित विभिन्न पर्वों के अवसर पर की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। नगर आयुक्त ने विभिन्न बिंदुओं के सम्बन्ध में बताया।

इसके पूर्व, जनपद अयोध्या आगमन पर मुख्यमंत्री ने श्री हनुमानगढ़ी मंदिर तथा श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर श्री राम लला का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से श्री राम जन्मभूमि परिसर में निर्माणाधीन मंदिर की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात श्री राम जन्म भूमि पथ से सुग्रीव किला तक पैदल निरीक्षण के साथ भक्ति पथ, रामपथ, टेढ़ी बाजार कौशलेश कुंज, अमानीगंज में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग, बड़ी बुआ सम्पार संख्या 112 तथा महोबरा बाजार सम्पार संख्या 111-ई का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने मणिराम दास जी की छावनी पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष एवं महंत नृत्य गोपाल दास से भेंटकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री जी ने सर्किट हाउस में अयोध्या के साधु संतों से भी भेंट की।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, दुष्यंत गौतम को मिली सिक्किम की जिम्मेदारी

उत्तराखंड समेत देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल...

सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव: सीएम धामी ने दिया ‘मेरा गांव-मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड...

उत्तराखंड बीजेपी से राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य कल करेंगे नामांकन, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत

उत्तराखंड से राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी...

बिलखेत में 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

नयारघाटी के बिलखेत में एयरो स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने...