Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पहाड़ से लेकर मैदान तक किया गया योगाभ्यास
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बररुद्रप्रयाग

पहाड़ से लेकर मैदान तक किया गया योगाभ्यास

पूरे विश्व में 9वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बडे गर्व के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरे देश में मैदान से लेकर पहाड़ तक योग किया गया। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद में हर घर आंगन योग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम बाबा केदारनाथ धाम भीमशिला परिसर में विधायक केदारनाथ शैला रानी रावत के प्रतिनिधि/अध्यक्ष नगर पंचायत केदारनाथ देवप्रकाश सेमवाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि/अध्यक्ष केदारनाथ ने सभी को 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम सभी के लिए सौभाग्य का दिन है कि हमें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बाबा केदारनाथ की पावन धरती में योग करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरा विश्व योगमयी हुआ है तथा पूरे जनपद में योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि स्वस्थ जीवन के लिए सभी को योग करना जरूरी है तभी हम विकास के पथ पर अग्रसर होंगे।

इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. भरत सिंह ने कहा कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार, सचिव एवं आयुष शिक्षा उत्तराखंड व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में हर घर आंगन थीम पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा जनपद के 16 आयुष हेल्थ एवं वेलनेस केंद्रों में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हम आज केदारनाथ धाम के पावन पवित्र स्थान में योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इसके लिए उन्होंने योग कार्यक्रम में शामिल हुए तीर्थ यात्रियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।

9वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के ग्राम पंचायतों में भी हर घर आंगन योग कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा यात्रा मार्ग में तैनात एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस बल, वाईएमएफ, होमगार्ड्स व पीआरडी के जवानों ने भी अपने-अपने कार्य स्थल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा नगर पंचायत अगस्त्यमुनि द्वारा भी अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडोर स्टेडियम पौड़ी में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने योगा का शुभारंभ किया। योगा में विभिन्न लोगों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। इस दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा कपाल भाती, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, वज्रासन, ताड़ासन, योग ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं के अभ्यास करते हुए उनके शरीर के लिए फायदे बताए। वहीं जनपद मुख्यालय के अलावा श्रीनगर मेडिकल कॉलेज, सिद्धबली मंदिर परिसर कोटद्वार, वेद निकेतन लक्ष्मणझूला व धुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज में भी योग दिवस मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘‘हर घर आंगन योग’’ था। स्थानीय विधायक ने कहा कि नियमित रूप से योग करना चाहिए, जिससे मन व शरीर स्वस्थ रह सकेगा। कहा कि इसी तरह हर रोज लोगों को अपने-अपने घरों में योगा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों को भी योग के प्रति जागरूक करें।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...