Friday , 4 September 2026
Home ताज़ा ख़बर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को दिए हस्तनिर्मित उपहार
ताज़ा ख़बरदेश-विदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को दिए हस्तनिर्मित उपहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी दौरे पर हैं इस दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बड़ी गर्मजोशी के साथ एक दूसरे से भेंट की। प्रधानमंत्री मोदी की अगुवानी खुद जो बाइडेन ने की, उनके साथ उनकी पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।

व्हाइट हाउस में विशेष उपहारों का आदान-प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन को 7.5 कैरेट का ग्रीन डायमंड भेंट की। जबकि जो बाइडेन को प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष चंदन का डिब्बा, भगवान गणेश की मूर्ति, हॉलमार्क चांदी का सिक्का जैसे कई गिफ्ट दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जो बाइडेन और जिल बाइडेन से मिलने पर उन्हें जो भी गिफ्ट भेंट किये उनमें पूरे भारत की संस्कृति दिखाई देती है। चंदन का डिब्बा जयपुर के एक मास्टर शिल्पकार द्वारा हस्तनिर्मित किया गया। इस पर मैसूर से प्राप्त चंदन में जटिल रूप से नक्काशीदार वनस्पतियों और जीवों के पैटर्न हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने जो बाइडेन को भगवान गणेश की मूर्ति भी प्रदान की। जिसे कोलकाता के पांचवीं पीढ़ी के चांदी कारीगरों के एक परिवार द्वारा हस्तनिर्मित किया है। इस बॉक्स में एक दीया (तेल का दीपक) भी है। इस चांदी के दीये को भी कोलकाता में पांचवीं पीढ़ी के चांदी कारीगरों के परिवार के कारीगरों द्वारा बनाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को उपहार में दिए गए बॉक्स में दस दान राशि हैं – गौदान (गाय का दान) के लिए गाय के स्थान पर पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा एक नाजुक हस्तनिर्मित चांदी का नारियल दिया गया है। भूदान (भूमि का दान) के लिए भूमि के स्थान पर मैसूर, कर्नाटक से प्राप्त चंदन का एक सुगंधित टुकड़ा दिया गया है। तिलदान (तिल के बीज का दान) के लिए तमिलनाडु से लाए गए तिल या सफेद तिल के बीज चढ़ाए गए हैं। राजस्थान में हस्तनिर्मित, यह 24के शुद्ध और हॉलमार्क वाला सोने का सिक्का हिरण्यदान (सोने का दान) के रूप में पेश किया है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को उपहार में दिए गए बॉक्स में 99.5 प्रतिशत शुद्ध और हॉलमार्क वाला चांदी का सिक्का भी है। जिसे राजस्थान के कारीगरों द्वारा सौंदर्यपूर्ण ढंग से तैयार किया गया है और इसे रौप्यदान (चांदी का दान) के रूप में पेश किया गया है। लवंदन (नमक का दान) के लिए गुजरात का लवन या नमक अर्पित किया गया है। एक डिब्बे में पंजाब का घी, झारखंड के टसर रेशम का कपड़ा, उत्तराखंड से प्राप्त लंबे दाने वाला चावल और महाराष्ट्र का गुड भी भेंट किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान पूरे भारत के उपहार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को भेंट कर उन्हें भारत की सास्कृतिक विरासत से रूबरू कराया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles