Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम योगी ने तीन जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेहरादूनपौड़ी गढ़वालहरिद्वार

सीएम योगी ने तीन जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र में, इसके बाद दोपहर एक बजे रुड़की के डीएवी कालेज और 3ः30 बजे देहरादून के बन्नू ग्राउंड में जनसभाओं को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने गढवाल लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी अनिल बलूनी, हरिद्वार लोकसभा सीट के प्रत्याशी त्रिवेंद्र रावत और टिहरी लोकसभा सीट से माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में जनसभाएं की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

श्रीनगर गढ़वाल में हुई चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज मुझे अपनी जन्म भूमि की लोकसभा सीट पर संवाद करने का मौका मिला है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां का संवाद मेरे लिए आत्म साक्षात्कार होता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के कण-कण में शंकर का वास है। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माफिया व उपद्रवियों को इस लायक नही छोडूंगा की वह उत्तराखंड में घुसे। उन्होंने कहा कि एक विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने वाला संकल्प पत्र भाजपा ने जारी किया है।

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल को देखकर मन खिन्न होता था। उनका एजेंडा स्वार्थ व देश के विघटन का था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का सौभाग्य है कि दोनों सीडीएस उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के दिए हैं। हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज तीन चार ही जनपदों में नक्सलवाद है। तीसरे कार्यकाल में ये भी समाप्त हो जाएगा। उन्होंने जनता से कहा कि भाजपा को उत्तराखंड से पांच कमल चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार में भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया। मां दुर्गा और काली माता के जयकारे लगवाए। उन्होंने कहा कि आज हम सब नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है तो 140 करोड़ लोगों को सुरक्षित करना जानता है। नए भारत में विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। विकास भी है तो विरासत और आस्था का सम्मान भी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इतिहास बना दिया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली धरती है। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी में भाजपा की विरासत को उत्तराखंड में आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने त्रिवेंद्र सिंह रावत को अधिक से अधिक मतों से विजय बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य में यही आवाज है ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’। उन्होंने कहा कि आप सभी को त्रिवेंद्र सिंह रावत और पीएम मोदी का प्रतिनिधि बनना पड़ेगा। कार्यक्रम में एक बच्चा योगी के आदित्यनाथ की वेशभूषा में पहुंचा था, जिसे आदित्यनाथ योगी ने मंच पर बुलाया।

उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने छात्र संगठन से अपनी राजनीति शुरू की। विधायक और मुख्यमंत्री के रूप में में कार्य किया। उत्तराखंड में जो समस्या थी उसे हमने और तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दूर किया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केदारनाथ जाने का कई बार सौभाग्य मिला। अयोध्या की तर्ज पर हरिद्वार को भी सजाना और संवारना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आज विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। भारत में आईटी, मेडिकल, हर सेक्टर में भारत ने विकास के आयाम को छुआ है। देश में 80 करोड़ लोग पिछले कुछ सालों से मुफ्त राशन ले रहे हैं। 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिला है। 12 करोड़ को सम्मान योजना निधि का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या से केदारनाथ और काशी तक जो भी परिवर्तन हुआ है। वह मोदी के कार्यकाल में हुआ है। लेकिन इसका श्रेय आप जनता को जाता है, जिसने मजबूत सरकार दी है। उत्तर प्रदेश में हर दिन कर्फ्यू लगता था, लेकिन अब वहां कर्फ्यू नहीं लगता है। अब हरिद्वार से गाजियाबाद तक कावड़ यात्रा चलती है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...