Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच 1500 से अधिक लोगों को किया गया रेस्क्यू
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेहरादून

सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच 1500 से अधिक लोगों को किया गया रेस्क्यू

प्रशासन ने साढ़े तीन बजे तक 602 लोगों को हेली सेवाओं से एयर लिफ्ट कर रेस्क्यू किया गया है। वहीं सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच अब तक करीब 1500 से अधिक लोगों को मैनुअल रेस्क्यू किया जा चुका है। जिला प्रशासन के प्रयासों से केदार घाटी में संचार व्यवस्था भी दुरूस्त की जा चुकी है। फंसे हुए तीर्थ यात्रियों को उनके परिजनों से सेटेलाइट एवं सामान्य फोन के माध्यम से बात भी करवाई जा रही है।

वितरित किए जा रहे हैं फूड पैकेट

जिलाधिकारी के निर्देशन में केदार घाटी में विभिन्न पड़ावों में फंसे श्रद्धालुओं एवं तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू करने एवं भोजन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग लगातार कार्य कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने बताया कि बीते रोज गुरूवार सुबह से ही यात्रा मुख्य पड़ावों में फंसे श्रद्धालुओं को फूड पैकेट, पेयजल एवं भोजन की व्यवस्था करवाई जा रही है। केदारनाथ, लिनचोली, भीमबली, सोनप्रयाग, शेरसी, गुप्तकाशी एवं चैमासी सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार दोपहर 3ः30 बजे तक लगभग 18 हजार फूड पैकेट्स, करीब 35 हजार पानी की बोतलें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। इसके अलावा जीएमवीएन एवं स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें बीकेटीसी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है।

तीर्थ यात्रियों का किया जा रहा है उपचार

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल सिंह गुसाई ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत एवं उपचार कार्य भी जारी हैं। अब तक सोनप्रयाग, गौरीकुंड व शेरसी में 286 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं विभिन्न स्थानों में फंसे श्रद्धालुओं को 18300 फूड पैकेट्स, करीब 35 हजार पानी की बोतलें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा जीएमवीएन एवं स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उपलब्ध कराई गई परिवहन व्यवस्था

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कर्नाटक ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशन में यात्रा मार्ग में फंसे तीर्थ यात्रियों का हैली सेवा या मैनुअल रेस्क्यू किया जा रहा है उनको उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए छोटे एवं बड़े वाहनों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गुप्तकाशी से दोपहर तक 20 छोटी गाडियों के माध्यम से 200 लोगों को ऋषिकेश के लिए भेजा गया है। इसके साथ एक वाहन के माध्यम से लगभग 40 लोगों को भेजा गया है। इसके साथ ही गुलाबराय मैदान से भी एक बस के माध्यम से 32 लोगों को हरिद्वार के लिए तथा 3 छोटे वाहनों के माध्यम से 30 यात्रियों को ऋषिकेश के लिए भेजा गया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles