Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम धामी ने दिल्ली में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में की रैलियां, बोले कट्टर ईमानदारी की बात करने वाले बन गए कट्टर भ्रष्टाचारी
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेश-विदेश

सीएम धामी ने दिल्ली में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में की रैलियां, बोले कट्टर ईमानदारी की बात करने वाले बन गए कट्टर भ्रष्टाचारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिल्ली की जनता के जोश को देखकर इस बार प्रचंड बहुमत से दिल्ली विधानसभा में डबल इंजन सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। आज दुनिया का हर निवेशक भारत में निवेश करना चाहता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कारण लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। खुद को कट्टर ईमानदार कहने वाले कट्टर भ्रष्टाचार के पर्याय बने हुए हैं। उनके 22 विधायक, आठ मंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री तक को जेल जाना पड़ा है। झूठ बोलकर सत्ता में आए केजरीवाल ने कहा था कि हम बंगले नहीं लेंगे लेकिन उन्होंने आठ बंगले तोड़कर शीशमहल बना डाला।

आज दिल्ली में साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राशन कॉर्ड, बस और पैनिक बटन घोटाला तक किया। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सनातन धर्म को मलेरिया और डेंगू बताते हैं। एक विशेष वोट बैंक की खातिर इन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने तक को ठुकरा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी माह 27 जनवरी को हम यूसीसी लागू कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है कि हम घोषणा पत्र जारी नहीं करते हम संकल्प पत्र जारी करते हैं और अपने संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाते हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर भाजपा को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि उन्हें सरकार बदलनी है और यहां के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि जिस-जिस भी राज्य में जनता-जनार्दन ने डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया, वहां का तेजी से विकास हुआ है। हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तराखंड इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि 11 साल तक अरविंद केजरीवाल ने झूठी घोषणाएं कर जनता को ठगने का काम किया है। आज भी दिल्ली में यमुना प्रदूषित है। चुनाव के समय ही केजरीवाल को यमुना की याद आती है और उसके बाद वे उसे भूल जाते हैं। केजरीवाल को दिल्ली की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर कब यमुना साफ होगी।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थक हैं। ये लोग शाहिनबाग में प्रदर्शन करने वालों का साथ देते हैं और कश्मीर में धारा 370 को फिर से लागू करने की वकालत करते हैं। केजरीवाल तुष्टिकरण की राजनीति में इतने नीचे गिर गए हैं कि वो सर्जिकल स्ट्राइक करने वालों से भी जवाब मांगते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने इस बार भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को सत्ता से बेदखल करने का पूरा मन बना लिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमारबाग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रेखा गुप्ता के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार वाले राज्यों में जहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं वहीं दिल्ली में भ्रष्टाचार के दलदल में गोते लगा रही आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं को लागू तक नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार को सीढ़ी बनाकर सत्ता में आई आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस तक को पीछे छोड़ दिया। आज केजरीवाल भ्रष्टाचार के ब्रांड एंबेस्डर बन गए हैं और उनकी पार्टी घोटाला पार्टी। देश में यदि भ्रष्टाचार की कोई प्रतियोगिता हो तो उसमें केजरीवाल प्रथम आएंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की आबोहवा में अपने भ्रष्टाचार से जहर घोलने का काम किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के मोतीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी हरीश खुराना के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता में आई भ्रष्टाचारी एवं नाकारी आम आदमी पार्टी नहीं चाहती की दिल्ली की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।

जहां पूरे देश में हर घर नल से जल अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों में पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है वहीं दिल्ली में लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आज भी यहां की 40 प्रतिशत आबादी पानी खरीद कर पीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की घटिया सोच के चलते ही लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी 11 साल तक सत्ता में रहने के बाद यमुना की सफाई नहीं कर सकी वो अब फिर से सफाई के लिए पांच साल मांग रही है। केजरीवाल और उनके पार्टी के लोगों को जवाब देना चाहिए कि आखिर जिस यमुना को उत्तराखंड से स्वच्छ एवं निर्मल भेजा जाता है वो दिल्ली में इतनी दूषित कैसे हो जाती है कि उसका पानी सिंचाई के लायक नहीं बचता।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केजरीवाल ने क्लीनिक, दवा खरीद, स्ट्रीट लाइट, बस खरीद और स्कूल, शराब हर सेक्टर में घोटाला किया। आप के केजरीवाल और मनीष सिसोदिया अब भी बेल पर बाहर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को पूरी तरह से सत्ता से बेदखल करने के लिए तैयार है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles