यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को खत्म करेंगी : पीएम मोदी

यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को खत्म करेंगी : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी डिफेंस कॉरिडोर की उपलब्धियों पर गर्व जताया और कहा कि मैं यूपी का सांसद हूं। इसके नाते मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइलें हमारे यूपी में बनेगी। लखनऊ में इसकी मैन्यूफैक्चरिंग शुरू हो रही है। यूपी डिफेंस कॉरिडोर में बने हथियार भारतीय सेना की ताकत बनेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के सेवापुरी स्थित बनौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के तहत हुए विकास कार्यों की जमकर सराहना की, आत्मनिर्भर भारत की सैन्य शक्ति का बखान किया और काशी की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला और उसे वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला बताया।

आज यूपी तेज गति से औद्योगिक विकास कर रहा है

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और सामाजिक विकास पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि आज यूपी तेज गति से औद्योगिक विकास कर रहा है। देश-दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। इसके पीछे भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने सपा शासन की तुलना करते हुए कहा कि सपा के समय यूपी में अपराधी बेखौफ थे। निवेशक यहां आने से डरते थे। भाजपा सरकार में अपराधियों में खौफ है और निवेशक यूपी के साथ अपना भविष्य देख रहे हैं।

मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइलें हमारे यूपी में बनेगी

प्रधानमंत्री ने यूपी डिफेंस कॉरिडोर की उपलब्धियों पर गर्व जताया और कहा कि मैं यूपी का सांसद हूं। इसके नाते मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइलें हमारे यूपी में बनेगी। लखनऊ में इसकी मैन्यूफैक्चरिंग शुरू हो रही है। यूपी डिफेंस कॉरिडोर में बने हथियार भारतीय सेना की ताकत बनेंगे। उन्होंने जनसभा से पूछा कि आत्मनिर्भर सैन्य शक्ति की बात सुनकर आपको गर्व होता है कि नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने फिर कोई पाप किया तो यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को तबाह कर देंगी।

किसानों के खाते में भेजे गये हैं 90 हजार करोड़ रुपए

किसानों और महिलाओं के कल्याण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यूपी के ढाई करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिला है। 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक रुपये यूपी के किसानों को भेजे गए हैं। मेरी काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले हैं। हम लखपति दीदी अभियान चला रहे हैं। हमारा लक्ष्य देश में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन चुकी हैं। सपा पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा वाले ये आंकड़े सुनकर साइकिल लेकर भाग जाएंगे।

सेवापुरी में आना मेरे लिए सौभाग्य की बात

सेवापुरी के स्थानीय विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यहां आना भी सौभाग्य की बात है, ये मां कालका देवी की ड्योढ़ी है। मैं कालका देवी को नमन करता हूं। मां कालका धाम का सुंदरीकरण करके इसे भव्य रूप दिया गया है। उन्होंने चांदपुर से भदोही रोड जैसे प्रोजेक्ट का जिक्र किया, जिससे काशी और भदोही के बुनकर जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका लाभ बनारस के सिल्क के बुनकरों के साथ भदोही के कारीगरों को भी होगा।

काशी में विकास का महायज्ञ लगातार जारी

प्रधानमंत्री ने यूपी सरकार को बधाई दी और कहा कि मुझे संतोष है कि काशी में विकास का महायज्ञ लगातार जारी है। उन्होंने सेवापुरी के ऐतिहासिक महत्व को याद किया और कहा कि सेवापुरी का इतिहास क्रांतिकारियों का इतिहास रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में यहां के अनेकों लोगों ने भागीदारी की थी। यही वो सेवापुरी है जहां महात्मा गांधी की परिकल्पना साकार हुई। घर-घर महिला-पुरुष के हाथ में चरखा हुआ करता था।

मनोरम होता है यादव बंधुओं का समूह

सांस्कृतिक और धार्मिक संदर्भ में प्रधानमंत्री ने सावन के पवित्र महीने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दिनों जब काशी में गंगाजल लेकर जाते हुए शिवभक्तों की तस्वीरों को देखने का अवसर मिल रहा है। खासकर सावन के पहले सोमवार को जब यादव बंधु बाबा का जलाभिषेक करने गौरी केदारेश्वर से कंधे पर गंगाजल लेकर निकलते हैं, उनका समूह मनोरम होता है। डमरू की आवाज गलियों में कोलाहल से अद्भुत भाव विश्व पैदा होता है।

सेवापुरी से ही करता हूं बाबा विश्वनाथ को प्रणाम

उन्होंने अपनी व्यक्तिगत भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि मेरी बहुत इच्छा थी कि सावन के पवित्र महीने में बाबा विश्वनाथ और मार्कण्डेय महादेव के दर्शन करूं, लेकिन मेरे वहां जाने से महादेव के भक्तों को असुविधा न हो, उनके दर्शन में बाधा न पड़े इसलिए मैं आज यहीं से भोलेनाथ और मां गंगा को प्रणाम कर रहा हूं। उन्होंने भोजपुरी में कहा, ‘हम सेवापुरी के ई मंच से बाबा काशी विश्वनाथ के प्रणाम करत हई। नम: पार्वती पतये हर हर महादेव।’

समाजवादी पार्टी पर पीएम ने किया तीखा हमला

प्रधानमंत्री ने सपा पर जमकर प्रहार किया और उसे वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सपा के नेता संसद में कह रहे थे पहलगाम के आतंकियों को अभी क्यों मारा। अब बताइए क्या उन्हें फोन करके पूछूं कि मारूं कि न मारूं। क्या आतंकियों को मारने के लिए इंतजार करना चाहिए, उनहें भागने का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने सपा के शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि सपा के लोग जब यूपी की सत्ता में थे तब आतंकियों को क्लीन चिट देते थे, बम धमाके करने वाले आतंकियों से मुकदमे वापस लेते थे। इन्हें आतंकियों के मारे जाने से परेशानी हो रही है। उन्होंने काशी की धरती से ऐलान किया कि ये नया भारत है, जो भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने काल भैरव भी बन जाता है।

Hill Mail
ADMINISTRATOR
PROFILE

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *

विज्ञापन

[fvplayer id=”10″]

Latest Posts

Follow Us

Previous Next
Close
Test Caption
Test Description goes like this