Tuesday , 15 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ थराली में बादल फटने से तबाही, तहसील परिसर सहित कई घर क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड न्यूज़चमोलीताज़ा ख़बर

थराली में बादल फटने से तबाही, तहसील परिसर सहित कई घर क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के चमोली जिले की थराली तहसील में देर रात बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस आपदा में एसडीएम आवास समेत कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।

उत्तरकाशी की गंगा और यमुना घाटी में तबाही मचाने के बाद आपदा अब चमोली पहुंच गई है। चमोली जिले के एक प्रमुख बाजार और तहसील मुख्यालय थराली में आपदा ने भारी नुकसान पहुंचाया है। इस आपदा में दो लोगों के हताहत होने की खबर है।

सूचना के अनुसार, थराली तहसील के टूनरी गदेरा में बादल फटने से भारी मलबा आया है। इससे थराली बाजार, कोटदीप, तहसील परिसर, चेपड़ों और सागवाड़ा समेत कई इलाकों में नुकसान हुआ है। राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और एसएसबी की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं।

बादल फटने से घरों और दुकानों में मलबा घुस गया है। तहसील परिसर में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गई हैं और सड़कों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा में अभी तक दो लोगों के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है। राड़ीबगड़ में गाड़ियों के मलबे में दबे होने की खबर है। घटना के समय एसडीएम समेत अन्य कर्मचारी रात में ही सुरक्षित स्थानों पर चले गये थे।

सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति और एक 20 वर्षीय युवती के मलबे में दबे होने की आशंका है। एसडीआरएफ की टीम गौचर से रवाना हो चुकी है और स्थानीय प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।

थराली-सागवाड़ा मार्ग और थराली-ग्वालदम मार्ग (मिंग्गदेरा में) बंद हो गए हैं। थराली बाजार मलबे से पट गया है, और कई वाहन बहकर घरों तक पहुंच गए हैं।

प्रशासन ने थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों के सभी स्कूलों में भारी बारिश के चलते आज अवकाश घोषित किया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles