इस अवसर पर कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हिल-मेल परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने टीम को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी मीडिया संस्थान की सफलता उसकी निष्पक्षता, जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व पर निर्भर करती है, और हिल-मेल ने बहुत कम समय में इन मूल्यों को अपने कार्यों के माध्यम से स्थापित करने का प्रयास किया है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में मीडिया की भूमिका केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य भी करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिल-मेल डिजिटल आने वाले समय में राज्य के दूरस्थ गांवों, पहाड़ों और आम जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं तथा उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि हिल-मेल ने अल्प समय में ही जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। डिजिटल मीडिया के इस दौर में हिल-मेल ने उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, विकास, युवाओं और सामाजिक सरोकारों को जिस प्रकार मंच प्रदान किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत होती है और हिल-मेल को इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान हिल-मेल टीम ने भी अपने अब तक के सफर, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। टीम ने बताया कि हिल-मेल डिजिटल चैनल का शुभारंभ 17 मई को देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के करकमलों द्वारा किया गया था। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे थे। लॉन्च के समय ही हिलमेल ने यह संकल्प लिया था कि वह उत्तराखंड और पहाड़ की आवाज को निष्पक्षता और मजबूती के साथ जन-जन तक पहुंचाएगा।
हिल-मेल डिजिटल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मात्र एक माह के भीतर ही इस मंच ने सोशल मीडिया पर प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा ली है। हिल-मेल के यूट्यूब चैनल से 16 हजार से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं, जबकि इसकी खबरों और वीडियो सामग्री को 1.7 करोड़ (17 मिलियन) से अधिक बार देखा जा चुका है। फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी हिल-मेल का परिवार तेजी से बढ़ रहा है और इसकी पहुंच लगभग दो लाख लोगों तक पहुंच चुकी है।
मीडिया विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान समय में डिजिटल पत्रकारिता का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और ऐसे दौर में किसी नए मंच का इतने कम समय में लाखों लोगों तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि है। हिल-मेल ने स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, विकास कार्यों, पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाकर लोगों के बीच अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान हिल-मेल परिवार के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को अपने लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा बताया। साथ ही यह संकल्प भी दोहराया गया कि भविष्य में जनहित, सत्य, निष्पक्ष पत्रकारिता और उत्तराखंड के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ उठाया जाता रहेगा।
एक माह के इस सफर में मिली जनस्वीकृति और वरिष्ठ जनों के आशीर्वाद ने हिलमेल डिजिटल की जिम्मेदारियों को और बढ़ा दिया है। हिल-मेल परिवार का कहना है कि वह आगे भी समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को मंच देने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति प्रदान करने और उत्तराखंड की संस्कृति, विकास तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से सामने लाने का कार्य निरंतर करता रहेगा।
हिल-मेल डिजिटल की यह सफलता केवल एक मीडिया मंच की उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आवाज को नई पहचान दिलाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।


Leave a comment