Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, बारिश से लुढ़का तापमान; नौ जिलों में यलो अलर्ट
उत्तराखंड न्यूज़

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, बारिश से लुढ़का तापमान; नौ जिलों में यलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून और उत्तरकाशी समेत नौ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। गुरुवार सुबह से ही कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का ताजा अपडेट लेने की सलाह दी है।

रुड़की में एक दिन में 11 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान

हरिद्वार जिले में भी गुरुवार को मौसम का असर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही रुड़की और आसपास के इलाकों में काले घने बादल छाए रहे। सुबह करीब नौ बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जो कुछ घंटों तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश के बाद आसमान में बादल बने रहे और दोपहर बाद हल्की धूप निकली।

बारिश के कारण रुड़की के अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गुरुवार को यह घटकर 21 डिग्री सेल्सियस रह गया। यह सामान्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

शहर में 18.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 19.5 डिग्री सेल्सियस से घटकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई। बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली।

शुक्रवार को भी बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पांच जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। हरिद्वार जिले में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान है।

मौसम में बदलाव का असर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

चारधाम और आदि कैलास यात्रा सुचारू

बारिश और बर्फबारी के बीच चारधाम तथा आदि कैलास यात्रा फिलहाल सुचारू बताई गई है। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह लेने की जरूरत है। लगातार बदलते मौसम के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

उत्तराखंड में आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों की मरम्मत के लिए 30 करोड़ रुपये जारी, मार्च 2027 तक पूरा होगा काम

उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के...