Home स्पेशल रैबार-8 के मंच से विकसित उत्तराखंड @2047 का विजन, पलायन से लेकर स्वरोजगार और लोकसंस्कृति पर हुआ मंथन
स्पेशल

रैबार-8 के मंच से विकसित उत्तराखंड @2047 का विजन, पलायन से लेकर स्वरोजगार और लोकसंस्कृति पर हुआ मंथन

उत्तराखंड की विकास यात्रा, भविष्य की संभावनाओं, पलायन, स्वरोजगार, सैन्य परंपरा और लोकसंस्कृति पर चर्चा के लिए आयोजित रैबार-8 का मंच कई महत्वपूर्ण विचारों और सुझावों का साक्षी बना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सैन्य अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। ‘उत्तराखंड @26 : मिशन 2047’ की भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई दिग्गज हस्तियों ने साझा किए विचार, सरकार और विपक्ष को मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम करने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने का अपना विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय उत्पादों, औषधीय पौधों की खेती, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराकर किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों की आय बढ़ाई जा सकती है। पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देना पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के साथ युवाओं, विशेषज्ञों, उद्यमियों और आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पर्वतीय क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डॉ. रावत ने हिल-मेल के ‘रैबार-8’ आयोजन के पीछे की सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को एक मंच पर लाकर प्रदेश के विकास, संस्कृति और भविष्य की चुनौतियों पर संवाद करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए इस तरह के सार्थक संवाद और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी वीडियो के माध्यम से अपनी बात रखी, ज्ञातव्य रहे कि रैबार की ​शुरूआत त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यकाल में हुई थी उन्होंने कहा कि मैं इस बार रैबार कार्यक्रम में पारिवारिक कारणों ने नहीं जुड़ पाया लेकिन मेरी शुभकामनाएं पूरी हिल—मेल के साथ है। रैबार कार्यक्रम स्वरोजगार और रिवर्स पलायन के दिशा में सार्थक चर्चा करता है।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के गंभीर विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को कम करने के लिए सरकार किस प्रकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और उनकी आजीविका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस दिशा में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए सरकार और विपक्ष को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के बेहतर भविष्य के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर साझा प्रयास करने होंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और राष्ट्रभक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के रग-रग में सेना बसती है और यहां का हर व्यक्ति राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत है। उन्होंने देश की सुरक्षा में उत्तराखंड के वीर जवानों के योगदान और प्रदेश की गौरवशाली सैन्य परंपरा को रेखांकित किया।

इस अवसर पर असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लाखेड़ा ने भी पहाड़ों से अपने भावनात्मक जुड़ाव को याद किया। उन्होंने उत्तराखंड में बिताए अपने बचपन और पहाड़ों की यादों को साझा करते हुए टिहरी स्थित अपने पैतृक गांव का विशेष रूप से उल्लेख किया। अपने गांव और बचपन की स्मृतियों को याद करते हुए वह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिकों की भूमि है और इस मिट्टी से उनका गहरा लगाव है। अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यदि अगली बार भी उन्हें अवसर मिला तो वह इसी देवभूमि में जन्म लेना चाहेंगे। उनकी इन भावनाओं ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

अम्बेस्डर आलोक अमिताभ डिमरी ने रिवर्स पलायन के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए गंभीर चिंतन और ठोस कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता है। हमें यह समझना होगा कि किस प्रकार गांवों में रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के अवसर विकसित किए जा सकते हैं, ताकि युवा वापस अपने गांवों की ओर लौटें। उन्होंने ‘समलौं’ शब्द के अर्थ और उसकी भावना को भी विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और वीरभूमि की गौरवशाली विरासत को भी विशेष स्थान मिला। लोक गायिका रेखा धस्माना ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए एक भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं को भावुक कर दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने जनरल बिपिन रावत के अदम्य साहस, राष्ट्रसेवा और उत्तराखंड के गौरव के रूप में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर कई प्रतिष्ठत लोगों को ​अपने अपने क्षेत्र में योगदान देने के लिए हिल रत्न से भी सम्मानित किया गया जिसमें आलोक अमिताभ डिमरी, ले जनरल विकास लखेड़ा, ले जनरल एके सिंह, वाइस एडमिरल राजेश भंडारी, प्रकाश उपाध्याय, रजत शक्ति, संजय बंसल शामिल हैं।

रैबार-8 के मंच पर ‘कंडाली’ फिल्म के प्रोमो का लोकार्पण भी किया गया। इसके माध्यम से उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा, स्थानीय कलाकारों और लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।

रैबार-8 का यह आयोजन एक बार फिर इस विचार को मजबूत करता नजर आया कि उत्तराखंड का भविष्य केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि सरकार, विपक्ष, विशेषज्ञों, सैन्य अधिकारियों, उद्यमियों, युवाओं और समाज के सामूहिक प्रयासों से संवरेगा। पलायन की चुनौती से निपटने, गांवों में रोजगार के अवसर पैदा करने, प्रकृति और संस्कृति को संरक्षित रखने तथा विकास की नई संभावनाएं तलाशने के लिए एक साझा मंच के रूप में रैबार ने अपनी प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

इस अवसर पर 300 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया जिसमें आलोक अमिताभ डिमरी, ले जनरल विकास लखेड़ा, ले जनरल एके सिंह, वाइस एडमिरल राजेश भंडारी, ले जनरल जीएस रावत, कर्नल प्रत्युल थपलियाल, कर्नल एचडी पोखरीयाल, सुकेश नैथानी, टीसी उप्रेती, देव रतूड़ी, ललित जोशी, रेखा धम्माना, पद्श्री बसंती बिष्ट, अद्वैता काला, शिव नारायण सिंह रावत, प्रकाश उपाध्याय, गोविन्द अग्रवाल, नरेंद्र टम्टा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

रैबार-8 के मंच से विकसित उत्तराखंड 2047 का विजन, पलायन से लेकर स्वरोजगार और लोकसंस्कृति पर हुआ मंथन

उत्तराखंड की विकास यात्रा, भविष्य की संभावनाओं, पलायन, स्वरोजगार, सैन्य परंपरा और...

हिल-मेल के ‘रैबार-8’ में जुटे उत्तराखंड के दिग्गज, मुख्यमंत्री धामी समेत कई नेताओं ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, विकास और संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान...

ऋषिकेश में सीएम धामी ने किया देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण, 36 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित...

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का सीएम धामी को पत्र, विकास यात्रा और उपलब्धियों की सराहना की

उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने...