कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को लोकमय बना दिया। जय गढ़ गोरिल, जागृत समिति और जय गढ़ कंडोलिया के सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर कलाकारों ने थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की खूबसूरती को मंच पर जीवंत किया। पारंपरिक धुनों और लोकनृत्यों ने दर्शकों को पहाड़ की पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू कराया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इगास केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि युवा पीढ़ी को भी पारंपरिक त्योहारों, लोकगीतों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को समझ सकें।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय महिलाओं ने भी इगास पर्व के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद मनाया जाने वाला इगास पहाड़ की विशिष्ट लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। समय के साथ नई पीढ़ी को इन परंपराओं से परिचित कराना जरूरी हो गया है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाजों और लोक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
महिलाओं ने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व सामूहिकता, आपसी मेलजोल और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन गांवों और शहरों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने में सहायक हैं।
कार्यक्रम में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, सभासद अरविंद रावत, संस्कृतिकर्मी मनोज रावत अंजुल, केशर सिंह असवाल, बकुल रावत, संस्कृति विभाग से सरिता सिंह, प्रेमचंद ध्यानी और इंद्रमोहन चमोली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का संदेश दिया।




Leave a comment