मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है उन्होंने आज चम्पावत में आयोजित बनबसा से टनकपुर तक रोड शो किया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मां पूर्णागिरि और मां शारदा का बुलावा आया है। उन्होंने कहा कि देवतुल्य जनता का आशीर्वाद पाकर मैं अभिभूत हूं। उनके अपार स्नेह हेतु मैं सहृदय आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने बड़ी संख्या में जनसभा में पहुंची चंपावत विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट प्रकट किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को कृषि, बगवानी एवं चाय की उन्नत खेती के लिए विकसित किया जाएगा। आने वाले समय में चंपावत जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में राज्य में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख लोगों को उत्तराखंड मुफ्त राशन दी जा रही है। आने वाले समय में चंपावत से महज डेढ़ घंटे की दूरी पर एम्स का सेटेलाइट सेंटर स्थापित होगा। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के सर्वे के लिए भी 29 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। खटीमा बाईपास बनने से चंपावत पिथौरागढ़ के लोगों का समय भी बचेगा और सफर भी सुगम होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने बिजली संकट की समस्या पर कहा कि यह सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की समस्या है। इससे निपटने के लिए सरकार उपाय कर रही है।
इस दौरान उनके साथ लोकसभा सांसद अजय टम्टा और चम्पावत से पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी भी उपस्थित रहे। उन्होंने चम्पावत के विकास के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चम्पावत ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों को समेटे हुए है और यहां पर्यटन की भी अनेक संभावनाएं हैं, जिसे साकार करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।


Leave a comment