Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ अपनी बोली-भाषा के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : तीरथ सिंह
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बररुद्रप्रयाग

अपनी बोली-भाषा के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : तीरथ सिंह

राजकीय इंटर कॉलेज रूद्रप्रयाग में आयोजित पुस्तक वितरण एवं सम्मान समारोह का उद्घाटन सांसद तीरथ सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, परियोजना निदेशक विमल कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबीर सिंह भदौरिया समेत अन्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी।

सांसद तीरथ सिंह रावत ने जनपदभर से पहुंचे प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि अपनी भाषा एवं बोली के उत्थान एवं प्रचार के लिए सामूहिक और सतत प्रयास होने जरूरी हैं। हम औपनिवेषिक काल के बाद से अपनी पहचान एवं संस्कृति को अपनाने एवं स्वीकारने में पिछड़ते जा रहे हैं। यह सोच बदलनी होगी, अपनी मूल संस्कृति, भाषा-बोलियों को हमेशा जीवित रखने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सब को उठानी होगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने कहा कि शिक्षा एवं शिक्षक हमारे समाज के सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने जनपदभर से पहुंचे शिक्षकों को अपनी भाषा के ज्यादा से ज्यादा प्रचार के लिए सभी स्कूलों में बेहतर प्रयास करने की अपील की। भाजपा के जिला अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए पूरे देश में हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा के तौर पर पहचान दिलाने के लिए सभी को अपने स्तर से प्रयास करने की अपील की। इससे पहले राजकीय इंटर कॉलेज रूद्रप्रयाग के प्रधानाचार्य राजबीर सिंह भदौरिया ने सभी का स्वागत किया।

108 स्कूलों में स्थापित होगा पुस्तकालय

इस कार्यक्रम में जनपद के 60 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय को दस हजार, 32 उच्च विद्यालयों को पच्चीस हजार एवं 16 इंटर कॉलेजों को को पचास हजार रुपये मूल्य की पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम के संयोजक मुकेश कुमार ने बताया कि सांसद तीरथ सिंह रावत की इस अनोखी पहल से जिले के 108 शैक्षणिक संस्थानों को हिन्दी साहित्य से संबंधित हिन्दी के महान लेखकों की रचनाओं से समृद्ध एक मिनी लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी।

जिले के पांच साहित्यकारों को मिला सम्मान

रुद्रप्रयाग जिले के शिक्षा, साहित्य-संस्कृति से जुड़े पांच साहित्यकारों को सांसद तीरथ सिंह रावत द्वारा प्रशस्ति-पत्र, पुस्तकें एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिसमें रमेश पहाड़ी, जगदंबा प्रसाद चमोला, कृष्णानंद नौटियाल, अश्विनी गौड़ और कुसुम भट्ट शामिल रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...