केदार की वादियों में बेटियों की उड़ान: पायलट अनुपम चौधरी बनीं साहस और प्रेरणा की मिसाल

केदार की वादियों में बेटियों की उड़ान: पायलट अनुपम चौधरी बनीं साहस और प्रेरणा की मिसाल

रुद्रप्रयाग की ऊंची पहाड़ियों और कठिन मौसम के बीच इन दिनों एक बेटी अपने साहस, आत्मविश्वास और कौशल से नई पहचान बना रही है। केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा में तैनात पायलट अनुपम चौधरी आज न केवल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा करा रही हैं, बल्कि हजारों युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गई हैं।

मेरठ की रहने वाली अनुपम चौधरी वर्तमान में ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर का संचालन कर रही हैं। गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम तक की हवाई यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना किसी चुनौती से कम नहीं है। हिमालय की ऊंची चोटियां, पल-पल बदलता मौसम, तेज हवाएं और संकरे रास्ते,इन सबके बीच हेलीकॉप्टर उड़ाना बेहद कठिन कार्य माना जाता है। लेकिन अनुपम पूरे आत्मविश्वास और अनुभव के साथ इस जिम्मेदारी को निभा रही हैं।

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर सेवा वर्ष 2003 में शुरू हुई थी। उस समय घाटी के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर किसी अजूबे से कम नहीं था। लोग खेतों और घरों से निकलकर आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर को देखने जमा हो जाते थे। समय के साथ हेलीकॉप्टर सेवा सामान्य होती चली गई, लेकिन आज भी जब कोई महिला पायलट इन दुर्गम पहाड़ियों के बीच हेलीकॉप्टर उड़ाती दिखाई देती है तो लोगों के मन में गर्व और सम्मान की भावना स्वतः जाग उठती है।

अनुपम चौधरी का सफर संघर्ष और समर्पण से भरा रहा है। उन्होंने भारतीय सेना में करीब 14 वर्षों तक बतौर पायलट अपनी सेवाएं दी हैं। उनके पास लगभग 15 वर्षों का उड़ान अनुभव है। सेना जैसी अनुशासित और चुनौतीपूर्ण सेवा में कार्य करने के बाद अब वे चारधाम यात्रा में अपनी सेवाएं देकर श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बना रही हैं।

हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे भी अनुपम की सराहना करते हुए कहते हैं कि केदारनाथ जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में हेलीकॉप्टर उड़ाना हर किसी के बस की बात नहीं है। यहां मौसम अचानक बदल जाता है और पायलट को हर पल सतर्क रहना पड़ता है। ऐसे में अनुपम जैसी महिला पायलट का उत्कृष्ट कार्य करना निश्चित रूप से गर्व की बात है।

यात्रियों के लिए भी अनुपम आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बनी हुई हैं। कई यात्री उनके साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और उनकी बहादुरी की सराहना कर रहे हैं। खासकर पहाड़ की बेटियां उन्हें देखकर अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा ले रही हैं।

आज जब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं, तब केदारनाथ की वादियों में हेलीकॉप्टर उड़ाती अनुपम चौधरी यह संदेश दे रही हैं कि हौसले मजबूत हों तो कोई भी आसमान दूर नहीं होता। उनकी उड़ान केवल हेलीकॉप्टर की उड़ान नहीं, बल्कि देश की बेटियों के सपनों की उड़ान भी है।

Hill Mail
ADMINISTRATOR
PROFILE

विज्ञापन

[fvplayer id=”10″]

Latest Posts

Follow Us

Previous Next
Close
Test Caption
Test Description goes like this