फूलों से सजा केदारनाथ धाम कल शुभ मुहूर्त में खुलेंगे कपाट
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल 06 मई को विधि विधान पूर्वक मंत्रोचारण के साथ तीर्थयात्रियों के लिए खोले जाएंगे। मंदिर के कपाट सुबह 06 बजकर 15 मिनट पर पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले जाएंगे। जबकि चार तीर्थों में से अंतिम धाम बदरीनाथ धाम के कपाट 08 मई को तीर्थयात्रियों के लिए खोले जाएंगे।
परंपरा के अनुसार भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली केदारनाथ पहुंच चुकी है। यह 02 मई को श्री केदारनाथ के शीतकालीन निवास ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ के लिए रवाना हुई थी और केदारनाथ धाम पहुंचने से पहले विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी, श्री गौरीमाई मंदिर, फाटा और गौरीकुंड सहित कई पड़ावों पर रुकी थी। इस बीच, केदारनाथ मंदिर को इस अवसर पर फूलों से सजाया गया है। 04 मई को बारिश और बर्फबारी के बावजूद मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। भारी मात्रा में श्रद्धालु कपाट खुलने के अवसर पर बाबा केदार के दर्शन करने पहुँचे है।
कोरोना काल के बाद इस बार चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड तोड़ तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। 190,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ जाने के लिए 31 मई तक अपना पंजीकरण कराया है।
यात्रा तैयारियों को लेकर गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा यात्रा के सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्री केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन हेतु सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता, सेवाभाव एवं आपसी समन्वय के साथ करें ताकि आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गढ़वाल आयुक्त को अवगत कराया कि धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत यात्रा मार्ग व धाम में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है! सर्विस के लिए योजना तैयार कर ली गई है इसके साथ ही ट्रैक रूट पर की जाने वाली सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की गई हैं।


Leave a comment