Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून देहरादून: छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज
देहरादून

देहरादून: छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज

राजधानी देहरादून के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। मामले को लेकर शनिवार को स्कूल के बाहर छात्र संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग उठाई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से गठित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों से संपर्क किया। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी के अनुसार, शुरुआत में सामाजिक परिस्थितियों के कारण परिवार शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने आने में हिचकिचा रहा था। कमेटी की ओर से समझाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

15 छात्राओं की शिकायत का दावा

पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली लिखित शिकायत स्कूल के प्राचार्य को दी गई थी। परिवार के मुताबिक, 15 अक्टूबर को भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की गई थी, जिस पर स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी उचित कार्रवाई नहीं हुई और शिकायत करने वाली छात्रा पर दबाव बनाया गया।

परिजनों ने स्कूल के निदेशक पर भी शिकायत के बाद छात्रा के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार करने और उसे डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। परिवार ने आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने और निदेशक से सभी विद्यार्थियों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

देहरादून के एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने 23 अक्टूबर को मामला संज्ञान में लिया था। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता से बातचीत की। इसके बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की प्रक्रिया के तहत काउंसलिंग और पूछताछ की गई। पीड़िता की मां की ओर से डालनवाला थाने में दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

स्कूल के बाहर प्रदर्शन, शिक्षक ने रखा पक्ष

मामले को लेकर एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और प्रबंधन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी धरना दिया। उन्होंने कहा कि यदि कई छात्राओं ने शिकायत की है, तो मामले को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। शिकायतों की अनदेखी या विद्यार्थियों पर दबाव बनाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

उधर, आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अध्यापन के 25 साल के करियर में पहली बार उन पर इस तरह के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी बच्चों के साथ अपने बेटे-बेटियों जैसा व्यवहार करते हैं। साथ ही, यदि किसी बच्चे को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है, तो वह उसके लिए क्षमा मांगते हैं।

फिलहाल शिक्षक निलंबित हैं और पुलिस जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

देहरादून में डेंगू और चिकनगुनिया का बढ़ता प्रकोप, 18 नए मरीज मिले

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले लगातार बढ़...

सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी भाजपा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को...

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल, जुबिन नौटियाल के पिता हैं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। देहरादून...

उत्तराखंड में अगले चार महीने में 2000 पदों पर भर्ती की तैयारी, UKSSSC का परीक्षा कैलेंडर जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण...