मुरादाबाद रेल मंडल के प्रबंधक (डीआरएम) राजकुमार सिंह कोटद्वार पहुंचकर रेलवे स्टेशन व ट्रैक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कोटद्वार से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के लिए स्वीकृत नई एक्सप्रेस ट्रेन को इसी महीने के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा। इससे गढ़वाल के रेल यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत कोटद्वार रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किये जाने की भी योजना है।

डीआरएम बनने के बाद राजकुमार सिंह पहली बार कोटद्वार पहुंचे वह लगभग एक बजे विशेष ट्रेन से कोटद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने रेलवे स्टेशन, ट्रैक व स्टेशन के भवनों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर व अधीक्षक से परिचालन व सिग्नल व्यवस्थाओं से संबंध में बारीकी से जानकारी ली। कोटद्वार भ्रमण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय की ओर से उन्हें नई ट्रेन संचालन की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इस महीने के अंतिम सप्ताह तक इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा तथा कोटद्वार रेलवे स्टेशन में पुराने भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण किया जायेगा।

उनके साथ एडीआरएम एनएन सिंह भी कोटद्वार पहुंचे थे एडीआरएम ने बताया कि योजना के तहत पहले चरण में प्लेटफार्म का विस्तार, बिल्डिंग और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कराया जाएगा। रेलवे की जमीनों पर अतिक्रमण होने की बात पर उन्होंने कहा कि अतिक्रमण चिह्नित कर लिया जाएगा और कभी भी इन्हें ध्वस्त कर दिया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं कोचिंग सुधीर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रेन का संभावित समय
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन कोटद्वार से रोजाना रात 10 बजे नजीबाबाद, मौजमपुर नारायण, लक्सर, टपरी, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ होते हुए सुबह 04ः35 बजे आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली पहुंचेगी और रात 09ः45 पर यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी और सुबह 03ः50 बजे कोटद्वार पहुंचेगी।
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने की केंद्रीय रेलमंत्री से की मुलाकात, राज्य को जल्द मिल सकती है ये सौगात
पार्षद ने उठाया अतिक्रमण का मामला
नगर निगम के पार्षद बिपिन डोबरियाल ने कोटद्वार रेलवे स्टेशन की जमीनों पर अतिक्रमण का मामला डीआरएम के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि भूमाफिया और प्रॉपर्टी डीलरों ने रेलवे की जमीन पर कब्जे करने शुरू कर दिए हैं। डीआरएम ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगा और इसे समय पर ध्वस्त कर दिया जाएगा।
इस महीने के आखिरी सप्ताह 25 अक्तूबर के आसपास नई ट्रेन के संचालन की संभावना है। इसके लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से उद्घाटन का समय लिया जा रहा है। उनका समय मिला तो ठीक अन्यथा स्थानीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन गढ़वाल के रेल यात्रियों के लिए मसूरी एक्सप्रेस से भी अधिक फायदेमंद होगी।


Leave a comment