वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, कैलाश गहतोड़ी का आज देहरादून के दून अस्पताल में निधन हो गया है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश गहतोड़ी की निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। कैलाश गहतोड़ी जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।
मुख्यमंत्री घामी ने कहा कि इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूं। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है।
राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चम्पावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से पुष्कर सिंह धामी के हारने के बाद चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल 2022 को विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से विधानसभा का उप चुनाव लड़ा और वह भारी मतों से विजयी हुए थे। बाद में गहतोड़ी को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया था।
कैलाश गहतोड़ी कैंसर से पीड़ित थे। उनका लंबे समय से इलाज चल रहा था। पिछले दिनों सीएम पुष्कर सिंह धामी उनका कुशल क्षेम पूछने अस्पताल भी गए थे।
कैलाश गहतोड़ी का इलाज देहरादून के दून अस्पताल में चल रहा था। आज सुबह अंतिम सांस ली जिसके बाद वह इस संसार को छोड़कर चले गये।


Leave a comment